इंडियन प्रीमियर लीग 2026: स्लो ओवर रेट के चलते श्रेयस अय्यर पर 12 लाख का जुर्माना

0

नई दिल्ली : श्रेयस अय्यर की अगुआई वाली पंजाब किंग्स ने इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में जीत के साथ अपने अभियान की शानदार शुरुआत की। पंजाब किंग्स ने 31 मार्च 2026, मंगलवार रात न्यू चंडीगढ़ के मुल्लांपुर स्थित महाराजा यादवेंद्र सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में गुजरात टाइटंस को तीन विकेट से हराया। हालांकि इस जीत के बाद टीम को एक बड़ा झटका भी लगा, जिसने जश्न के बीच चिंता बढ़ा दी।

इंडियन प्रीमियर लीग की गर्वनिंग काउंसिल ने पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर पर 12 लाख रुपये का जुर्माना लगा दिया। आईपीएल ने स्लो ओवर रेट के चलते आचार संहिता के तहत श्रेयस अय्यर पर 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। ओवर-रेट को लेकर आईपीएल 2026 में यह उनकी टीम का पहला उल्लंघन था।

स्लो ओवर रेट पर एक्शन: अनुच्छेद 2.22 के तहत लगा बड़ा जुर्माना

पंजाब किंग्स ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ मैच के दौरान स्लो ओवर रेट बनाए रखा, जिसके चलते टीम पर कार्रवाई की गई। इंडियन प्रीमियर लीग की ओर से जारी बयान में कहा गया कि यह इस सीजन में श्रेयस अय्यर की अगुआई वाली टीम का अनुच्छेद 2.22 (न्यूनतम ओवर-रेट से संबंधित) के तहत पहला अपराध है, इसलिए कप्तान पर 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। पंजाब किंग्स और गुजरात टाइटंस के मैच की बात करें तो तेज गेंदबाज विजयकुमार वैशाख और लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल ने मिलकर पांच विकेट चटकाए। चहल और वैशाख की शानदार गेंदबाजी की मदद से पंजाब किंग्स ने गुजरात टाइटंस को 20 ओवर में 6 विकेट पर 162 रन ही बनाने दिए।

पंजाब किंग्स की खराब शुरुआत, 118 रन पर गिरे 6 विकेट

लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब किंग्स की बल्लेबाजी एक समय लड़खड़ा गई थी। पंजाब किंग्स ने 14.4 ओवर में छह विकेट सिर्फ 118 रन ही बनाए थे। उस समय टीम के लिए जीत मुश्किल लग रही थी। हालांकि, कूपर कोनोली कप्तान के भरोसे पर खरे उतरे और टीम को जीत का स्वाद चखाया। ऑस्ट्रेलिया के युवा बल्लेबाज कूपर कोनोली ने पांच चौके और पांच छक्के की मदद से 44 गेंद में नाबाद 72 रन बनाए। उनकी बल्लेबाजी की मदद से पंजाब किंग्स ने 19.1 ओवर में सात विकेट पर 165 रन बनाकर मैच जीत लिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here