भोपाल : इंडिया ने मंगलवार को मध्य प्रदेश महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी भोपाल 2026 के लिए भारतीय महिला हॉकी टीम की घोषणा कर दी। मिडफील्डर सलीमा टेटे को टीम की कप्तानी सौंपी गई है। यह टूर्नामेंट 19 से 28 नवंबर तक भोपाल के नवनिर्मित इंटरनेशनल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, नाथू बरखेड़ा में खेला जाएगा। भारतीय टीम पिछले महीने जापान में आयोजित एशियन गेम्स में ऐतिहासिक स्वर्ण पदक जीतने के बाद पहली बार किसी अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में हिस्सा लेगी। टीम की कोशिश इस शानदार प्रदर्शन को जारी रखते हुए एशियन चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब अपने नाम करने की होगी।
सविता पुनिया को नहीं मिली टीम में जगह
अनुभवी गोलकीपर सविता पुनिया को इस बार भारतीय टीम में जगह नहीं मिली है। उन्होंने 2026 एशियन गेम्स में भारतीय टीम की कप्तानी करते हुए स्वर्ण पदक दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी। चीन के खिलाफ निर्णायक मुकाबले में उनका पेनल्टी स्ट्रोक बचाव भारत को लॉस एंजिलिस ओलंपिक 2028 का सीधा टिकट दिलाने में महत्वपूर्ण साबित हुआ था। उनकी अनुपस्थिति में बंसारी सोलंकी और बिचू देवी खारिबाम गोलकीपर की जिम्मेदारी संभालेंगी।
महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में खिताब की हैट्रिक लगाने उतरेगी भारतीय टीम
मेजबान भारतीय टीम इस प्रतियोगिता में मौजूदा चैंपियन के रूप में उतरेगी। भारत अब तक 2016, 2023 और 2024 में इस खिताब को अपने नाम कर चुका है। टीम की नजर चौथी बार ट्रॉफी जीतने और लगातार तीसरी बार खिताब अपने नाम करने पर होगी। छह टीमों की इस प्रतियोगिता में भारत के अलावा चीन, जापान, मलेशिया, थाईलैंड और दक्षिण कोरिया हिस्सा लेंगे। दक्षिण कोरिया भी तीन बार इस टूर्नामेंट का खिताब जीत चुका है। प्रतियोगिता राउंड रॉबिन प्रारूप में खेली जाएगी। प्रत्येक टीम अन्य पांच टीमों के खिलाफ एक-एक मुकाबला खेलेगी। लीग चरण के बाद अंक तालिका में शीर्ष चार स्थान हासिल करने वाली टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी।
खिलाड़ियों के पोजीशन में बदलाव करेंगे कोच
भारतीय टीम के मुख्य कोच श्योर्ड मारिजने ने कहा कि यह टूर्नामेंट अन्य खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देने के लिहाज से महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा, ‘यह ऐसा मौका है, जब मैं अन्य खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देना चाहता हूं। कुछ खिलाड़ी अपनी सामान्य पोजीशन से अलग भूमिका में खेलेंगी, ताकि मैं देख सकूं कि वे नई जिम्मेदारी में कैसा प्रदर्शन करती हैं। हम घरेलू दर्शकों के सामने खेलने और साल का शानदार अंत करने को लेकर उत्साहित हैं।’
मलेशिया के खिलाफ मुकाबले से भारतीय टीम करेगी अभियान का आगाज
टूर्नामेंट के पहले दिन चीन और थाईलैंड के बीच उद्घाटन मुकाबला खेला जाएगा। वहीं, उद्घाटन समारोह के बाद भारतीय टीम मलयेशिया के खिलाफ अपना अभियान शुरू करेगी।
भारतीय टीम के लीग चरण के मुकाबलों का कार्यक्रम
– 19 नवंबर: भारत बनाम मलयेशिया
– 21 नवंबर: भारत बनाम दक्षिण कोरिया
– 22 नवंबर: भारत बनाम थाईलैंड
– 24 नवंबर: भारत बनाम चीन
– 25 नवंबर: भारत बनाम जापान
सेमीफाइनल मुकाबले 27 नवंबर को खेले जाएंगे, जबकि 28 नवंबर को फाइनल और तीसरे स्थान के लिए मुकाबला होगा।
महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के लिए भारतीय टीम
- गोलकीपर: बंसारी सोलंकी, बिचू देवी खारिबाम
- डिफेंडर: निक्की प्रधान, ज्योति, ज्योति सिंह, सुशीला चानू लाथनथलुआंगी, पूजा साहू
- मिडफील्डर: रुतुजा दादासो पिसाल, सुनेलिता टोप्पो, सलीमा टेटे (कप्तान), नेहा, साक्षी राणा, बलजीत कौर, इशिका
- फॉरवर्ड: नवनीत कौर, दीपिका, ब्यूटी डुंगडुंग, लालरेमसियामी, मुमताज खान


