भारतीय टीम के स्टार बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने आईसीसी रैंकिंग में रचा इतिहास

0

नई दिल्ली: भारतीय टीम के स्टार बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने इस बार आईसीसी रैंकिंग में कमाल कर दिया है। अपने छोटे से क्रिकेट करियर में जायसवाल जहां तक नहीं पहुंच पाए थे, अब वो मुकाम भी उन्होंने हासिल कर लिया है। हालांकि वे अभी तक पहले नंबर पर तो नहीं पहुंचे हैं, लेकिन उसकी ओर निशाना जरूर साध लिया है। इस बीच बाकी बल्लेबाजों को कुछ नुकसान हुआ है। इस बार की टेस्ट रैंकिंग में कई सारे बदलाव देखने के लिए मिल रहे हैं।

आईसीसी की ओर से जारी गई टेस्ट रैंकिंग में अभी भी इंग्लैंड के जो रूट नंबर एक बल्लेबाज बने हुए हैं। उनकी रेटिंग 903 की है। वहीं बात अगर यशस्वी जायसवाल की करें तो उन्होंने दूसरे नंबर पर कब्जा अब कर लिया है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले गए पहले टेस्ट की पहली पारी में भले ही उनका बल्ला नहीं चला, लेकिन दूसरी पारी में उन्होंने 161 रनों की तगड़ी पारी खेली। इसका फायदा अब उन्हें मिलता हुआ नजर भी आ रहा है। जायसवाल की अब 825 रेटिंग हो गई है। जो उनकी ऑलटाइम हाई रैंकिंग हैं। इससे पहले वे यहां तक नहीं पहुंचे थे।

केन विलियमसन और हैरी ब्रूक को नुकसान

यशस्वी जायसवाल के आगे जाने से न्यूजीलैंड के केन विलियमसन को एक स्थान का नुकसान उठाना पड़ा है। वे अब 804 की रेटिंंग के साथ दूसरे से सीधे तीसरे स्थान पर चले गए हैं। वहीं इंग्लैंड के हैरी ब्रूक की बात करें तो वे तीसरे से चौथे स्थान पर खिसक गए हैं। उनकी रेटिंग 778 की है। न्यूजीलैंड के डेरिल मिचेल को दो स्थान का फायदा हुआ है और वे 743 की रेटिंग के साथ सीधे नंबर पर पर पहुंचने में कामयाब हो गए हैं।

ऋषभ पंत छठे नंबर पर ​बरकरार

भारत के ऋषभ पंत पहले भी नंबर 6 पर थे और अभी भी वहीं पर हैं। उनकी रेटिंग 736 की है। भारत के खिलाफ पहले टेस्ट में खराब खेल का खामियाजा स्टीव स्मिथ को उठाना पड़ा है। वे दो स्थान नीचे आ गए हैं। उनकी रेटिंग 726 की है। पाकिस्तान के साउद शकील 724 की रेटिंग के साथ नंबर 8 पर पहुंच गए हैं। उन्हें एक स्थान का फायदा हुआ है। श्रीलंका के कामेंदु मेंडिस भी दो स्थान के फायदे के साथ नंबर 9 पर काबिज हो गए हैं। उनकी रेटिंग 716 की है।

ट्रेविस हेड की टॉप 10 में एंट्री

ट्रेविस हेड का भी बल्ला उस तरह तो नहीं चल रहा है, जिस तरह की उम्मीद थी, लेकिन भारत के खिलाफ पर्थ टेस्ट में उन्होंने ठीकठाक खेल दिखाया और इसका फायदा उन्हें मिला है। वे अब 713 की रेटिंग के साथ नंबर 10 पर पहुंच गए हैं। इससे पहले वे टॉप 10 से बाहर थे, लेकिन अब इसमें एंट्री कर गए हैं। अब इस टॉप 10 में शामिल सभी खिलाड़ियों का प्रदर्शन भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया दूसरे टेस्ट में कैसा रहता है, ये देखना दिलचस्प होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here