नई दिल्ली । भारत का आगामी बांग्लादेश दौरा रद्द हो सकता है। दोनों देशों के बीच लगातार बढ़ रहे राजनीतिक तनाव के कारण सितंबर में प्रस्तावित छह मैचों की व्हाइट बॉल सीरीज़ पर अनिश्चितता गहरा गई है। सूत्रों के मुताबिक भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) फिलहाल अपनी टीम को बांग्लादेश भेजने के पक्ष में नहीं है। शुक्रवार को बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने सितंबर में तीन वनडे और तीन टी20 मैचों की सीरीज़ का ऐलान किया था। BCB का दावा था कि कार्यक्रम तय करने से पहले BCCI से चर्चा हुई है। प्रस्तावित शेड्यूल के अनुसार भारतीय टीम 28 अगस्त को बांग्लादेश पहुंचती और 1, 3 व 6 सितंबर को वनडे, जबकि 9, 12 और 13 सितंबर को टी20 मुकाबले खेले जाने थे। हालांकि BCCI की ओर से सहमति न मिलने के बाद BCB ने अर्जेंट मीटिंग बुलाई है, जिसमें आगे की रणनीति पर विचार किया जाएगा। इससे पहले भी सुरक्षा और राजनीतिक कारणों से भारत ने बांग्लादेश दौरा टाल दिया था।
BCCI ने ढाका में हुई एशियन क्रिकेट काउंसिल की बैठकों में हिस्सा लेने से भी इनकार किया था। बताया जा रहा है कि बांग्लादेश में पिछले छह महीनों से जारी राजनीतिक हिंसा और अस्थिरता BCCI की सबसे बड़ी चिंता है। IPL में भी इसका असर दिखा, जब बोर्ड के निर्देश पर कोलकाता नाइट राइडर्स ने बांग्लादेशी तेज गेंदबाज़ मुस्तफिजुर रहमान को रिलीज कर दिया। हालात बिगड़ने पर भारत-पाकिस्तान जैसी स्थिति बनने की आशंका भी जताई जा रही है, जहां दोनों टीमें केवल ICC टूर्नामेंट में, वह भी न्यूट्रल वेन्यू पर आमने-सामने होती हैं।


