नई दिल्ली : कोरिया मास्टर्स बैडमिंटन टूर्नामेंट का आगाज आज दक्षिण कोरिया के आसन में हो गया है। टूर्नामेंट के पहले ही दिन भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार शुरुआत की। कृष्णा प्रसाद गरागा और पृथ्वी कृष्णमूर्ति रॉय की पुरुष डबल्स जोड़ी ने अपना पहला मुकाबला जीतकर अगले दौर में जगह बना ली है। भारतीय जोड़ी ने राउंड ऑफ 32 के मुकाबले में थाईलैंड के वोर्रापोल थोंगसा-न्गा और चालोएमपोन चारोएन-कितामोर्न को हराकर जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की। इस जीत से भारतीय जोड़ी का आत्मविश्वास बढ़ा है और अब उनकी नजरें टूर्नामेंट में आगे बढ़ने पर हैं।
वहीं, महिला डबल्स में भारत को निराशा हाथ लगी। राउंड ऑफ 32 के मुकाबले में प्रिया कोनजेंगबाम और श्रुति मिश्रा की जोड़ी को जापान की रिरीना हिरामोटो और कोकोना इशीकावा के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। इससे पहले पुरुष सिंगल्स में तुषार सुवीर भी जापान के शोगो ओगावा से हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गए। महिला सिंगल्स में अब भारत की उम्मीदों का दारोमदार तन्वी शर्मा पर होगा, जो इस प्रतियोगिता में भारतीय चुनौती की अगुवाई करेंगी। इस बार पीवी सिंधु और उन्नति हुडा टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं ले रही हैं। कोरिया मास्टर्स बैडमिंटन टूर्नामेंट 9 अगस्त तक खेला जाएगा, जिसमें भारतीय खिलाड़ी बेहतर प्रदर्शन के लिए पूरी कोशिश करेंगे।


