कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत की ऐतिहासिक सफलता, पीएम मोदी और खेल मंत्री ने दी बधाई

0

ग्लास्गो : ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेल 2026 में भारतीय खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने पूरे दल को बधाई दी। भारत ने इस बार 13 स्वर्ण, 17 रजत और 9 कांस्य सहित कुल 39 पदक जीतकर पदक तालिका में चौथा स्थान हासिल किया। दोनों नेताओं ने खिलाड़ियों की उपलब्धि को भारतीय खेलों की बढ़ती ताकत, प्रतिभा और वैश्विक स्तर पर देश की मजबूत होती पहचान का प्रतीक बताया।

पीएम मोदी ने बढ़ाया खिलाड़ियों का हौसला

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर भारतीय दल की सराहना करते हुए लिखा, ‘ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों में हमारे दल के प्रदर्शन पर गर्व है। भारत ने 13 स्वर्ण सहित कुल 39 पदक जीते हैं। सभी पदक विजेताओं को हार्दिक बधाई। पूरे खेलों के दौरान हमारे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने असाधारण कौशल, दृढ़ संकल्प और समर्पण का परिचय दिया। उनकी मेहनत देश के युवाओं को लगातार प्रेरित करती रहेगी।’ मीडिया रिपोर्ट के अनुसार प्रधानमंत्री ने भारतीय दल के आगामी अभियानों के लिए भी शुभकामनाएं देते हुए कहा, ‘पूरे भारतीय दल को भविष्य की चुनौतियों के लिए मेरी शुभकामनाएं। वे इसी तरह अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते रहें और देश का गौरव बढ़ाते रहें।’

भारत की खेल ताकत दुनिया के सामने आई: मांडविया

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने भी भारतीय खिलाड़ियों की उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि सीमित खेलों के बावजूद भारत का प्रदर्शन बेहद प्रभावशाली रहा। उन्होंने कहा, ‘भारत ने राष्ट्रमंडल खेल 2026 का समापन शानदार चौथे स्थान के साथ किया। ग्लास्गो 2026 में कई ऐसे खेल शामिल नहीं थे, जिनमें भारत पारंपरिक रूप से सबसे अधिक पदक जीतता है। इसके बावजूद टीम इंडिया ने बर्मिंघम 2022 के समान खेलों में जीते गए 30 पदकों की तुलना में इस बार 39 पदक हासिल किए।’ मीडिया रिपोर्ट के अनुसार मांडविया ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व का उल्लेख करते हुए कहा, ‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय खेलों की गहराई और मजबूती साफ दिखाई दे रही है। तिरंगे के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ देने वाले हर खिलाड़ी, कोच और सपोर्ट स्टाफ पर हमें गर्व है।’

अहमदाबाद 2030 के सफल आयोजन का भरोसा

खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने अहमदाबाद में 2030 राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी को लेकर भी पूरा भरोसा जताया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने कहा, ‘भारत 2030 में राष्ट्रमंडल खेलों के शताब्दी संस्करण की मेजबानी की तैयारी कर रहा है। हमारा लक्ष्य खेलों के इतिहास का अब तक का सबसे भव्य और यादगार आयोजन करना है।’ उन्होंने विश्वास जताया कि भारत अपनी उत्कृष्ट मेजबानी, विश्वस्तरीय खेल सुविधाओं और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के दम पर दुनिया के सामने एक नया मानक स्थापित करेगा।

ग्लास्गो में खत्म हुआ सफर, अहमदाबाद 2030 की शुरुआत
  • रविवार को ग्लास्गो में राष्ट्रमंडल खेल 2026 का समापन समारोह आयोजित हुआ। इसी दौरान राष्ट्रमंडल खेलों का ध्वज गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष सांघवी को सौंपा गया, जिसके साथ ही भारत की मेजबानी यात्रा की औपचारिक शुरुआत हो गई।
  • समापन समारोह में गायक-संगीतकार शंकर महादेवन और पूर्व मिस वर्ल्ड मानुषी छिल्लर की प्रस्तुति के साथ भारत ने ‘अहमदाबाद 2030’ अभियान की झलक पेश की। ऑडियो-विजुअल प्रस्तुति में भारत की खेल यात्रा और 2030 राष्ट्रमंडल खेलों की तैयारियों की झलक दिखाई गई।
शताब्दी राष्ट्रमंडल खेलों का मेजबान बनेगा भारत

अहमदाबाद में आयोजित होने वाले 2030 राष्ट्रमंडल खेल कई मायनों में ऐतिहासिक होंगे, क्योंकि यह प्रतियोगिता का शताब्दी संस्करण होगा। इसके साथ ही भारत ऑस्ट्रेलिया के बाद दूसरा ऐसा देश बन जाएगा, जो दूसरी बार राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी करेगा। इससे पहले भारत ने 2010 में नई दिल्ली में इन खेलों का सफल आयोजन कर अपनी मेजबानी क्षमता का परिचय दिया था। अब अहमदाबाद के जरिए भारत एक बार फिर दुनिया के सामने अपनी खेल अवसंरचना, सांस्कृतिक विरासत और आयोजन कौशल का प्रदर्शन करेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here