हॉकी विश्व कप में भारत का सफर खत्म, अर्जेंटीना ने 5-3 से हराया

0

नई दिल्ली : भारतीय टीम हॉकी विश्व कप 2026 से बाहर हो गई है। दूसरे दौर में पहले नीदरलैंड्स के खिलाफ हार और अब अर्जेंटीना से 3-5 की शिकस्त के बाद भारत सेमीफाइनल की दौड़ से भी बाहर हो गया। पूल ई में लगातार दो हार के बाद भारतीय टीम अंकतालिका में आखिरी स्थान पर रही। वहीं, नीदरलैंड्स 6 अंक और +4 गोल अंतर के साथ शीर्ष पर है, जबकि अर्जेंटीना के भी 6 अंक हैं और +2 गोल अंतर के साथ वह दूसरे स्थान पर मौजूद है।

इस पूल में भारत के ग्रुप से आई इंग्लैंड की टीम तीसरे स्थान पर है। इंग्लैंड अभी सेमीफाइनल की दौड़ में बनी हुई है। उसका एक मुकाबला नीदरलैंड्स से बाकी है। अगर इंग्लैंड ने यह मैच अच्छे अंतर से जीता तो अर्जेंटीना बाहर हो जाएगी और नीदरलैंड्स के साथ इंग्लैंड पूल ई से सेमीफाइनल में जगह बना सकती है। इंग्लैंड का अभी गोल डिफरेंस दूसरे राउंड में शून्य है।

इस मुकाबले में अर्जेंटीना की ओर से टॉमस डोमेन ने 33वें और 45वें मिनट में दो गोल किए, जबकि जोकिन टोस्कानी ने पहले मिनट, निकोलस डेला टोरे ने छठे मिनट और लुकास टोस्कानी ने 53वें मिनट में एक-एक गोल दागा। भारत की ओर से सुखजीत सिंह ने 10वें और 58वें मिनट में दो गोल किए, जबकि हार्दिक सिंह ने 60वें मिनट में एक गोल किया। इस हार के साथ भारतीय टीम पूल ई में अपना खाता नहीं खोल सकी और अंकतालिका में आखिरी स्थान पर रही। अब भारत सातवें स्थान के प्लेऑफ मुकाबले में 28 अगस्त को बेल्जियम का सामना करेगा।

हॉकी विश्व कप 2026 में भारत की पूरी कहानी

भारत ने हॉकी वर्ल्ड कप 2026 में अपने अभियान की शुरुआत जीत के साथ की थी। टीम ने पहले राउंड में वेल्स को 3-1 से हराकर शानदार शुरुआत की और प्रशंसकों की उम्मीदें बढ़ा दीं। इसके बाद इंग्लैंड के खिलाफ मुकाबले में भारत हाफ टाइम तक बढ़त बनाए हुए था, लेकिन अंत में उसे 2-4 से हार का सामना करना पड़ा। यह हार टूर्नामेंट में भारत के लिए बड़ा टर्निंग पॉइंट साबित हुई। इसके बाद भारत ने पाकिस्तान को 5-3 से जरूर हराया, लेकिन यह जीत टीम को आगे बढ़ाने के लिए पर्याप्त नहीं रही। दूसरे राउंड में भारत को पहले नीदरलैंड्स के खिलाफ 1-3 से हार मिली और अब अर्जेंटीना ने उसे 3-5 से हराकर सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर कर दिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here