भारतीय स्पिनर एन. श्री चरणी बनीं टी20 अंतरराष्ट्रीय गेंदबाजी रैंकिंग में नंबर-1

0

 नई दिल्ली। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की बाएं हाथ की स्पिनर एन. श्री चरणी ने आईसीसी महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय गेंदबाजी रैंकिंग में करियर में पहली बार नंबर-1 स्थान हासिल कर लिया है। उन्होंने इंग्लैंड की स्पिनर लिंसी स्मिथ को पीछे छोड़ते हुए यह उपलब्धि अपने नाम की। करीब एक वर्ष पहले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण करने वाली चरणी मौजूदा महिला टी20 विश्व कप में शानदार फॉर्म में हैं। उन्होंने तीन मैचों में 10 विकेट लेकर अब तक टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज बनने का गौरव हासिल किया है।

चरणी ने पाकिस्तान के खिलाफ 21 रन देकर तीन विकेट और नीदरलैंड्स के खिलाफ 19 रन देकर चार विकेट चटकाए। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भारत को हार का सामना करना पड़ा, लेकिन चरणी ने 24 रन देकर तीन विकेट लेकर टीम की सबसे सफल गेंदबाज रहीं। अब तक अपने 23 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में वह 38 विकेट हासिल कर चुकी हैं और उनकी इकॉनमी 7.32 रही है। टी20 विश्व कप में साधारण शुरुआत के कारण इंग्लैंड की लिंसी स्मिथ तीसरे स्थान पर खिसक गई हैं, जबकि उनकी साथी खिलाड़ी चार्ली डीन तीन मैचों में पांच विकेट लेकर दूसरे स्थान पर पहुंच गई हैं। इंग्लैंड की सोफी एक्लेस्टोन चौथे स्थान पर हैं।

वेस्टइंडीज़ की कप्तान हेली मैथ्यूज़ ने नौ स्थान की छलांग लगाकर 11वां स्थान हासिल किया है। ऑस्ट्रेलिया की किम गार्थ 25 स्थान की छलांग के साथ 20वें, पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना 25वें और आयरलैंड की ऑलराउंडर ओर्ला प्रेंडरगास्ट 26वें स्थान पर पहुंच गई हैं। बल्लेबाजों की रैंकिंग में ऑस्ट्रेलिया की जॉर्जिया वॉल शीर्ष स्थान पर बरकरार हैं। भारत की शेफाली वर्मा एक स्थान के सुधार के साथ छठे और कप्तान हरमनप्रीत कौर 10वें स्थान पर पहुंच गई हैं। ऑलराउंडरों की रैंकिंग में कोई बदलाव नहीं हुआ है। वेस्टइंडीज़ की हेली मैथ्यूज़ पहले और न्यूजीलैंड की कप्तान मेली केर दूसरे स्थान पर कायम हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here