नई दिल्ली : महिला एशिया कप 2026 के दूसरे लीग मुकाबले में भारतीय महिला क्रिकेट टीम का सामना हांगकांग से होगा। यह मैच गुरुवार, 3 सितंबर को भारतीय समयानुसार रात 8 बजे से खेला जाएगा। भारत ने टूर्नामेंट के अपने पहले मुकाबले में थाइलैंड को 94 रन से हराकर शानदार शुरुआत की थी। अब टीम इंडिया की नजरें हांगकांग के खिलाफ भी जीत दर्ज कर अपने अभियान को मजबूत करने पर होंगी।
इस जीत के साथ भारत ग्रुप ए की अंकतालिका में दो अंकों के साथ शीर्ष पर पहुंच गया है। टीम इंडिया की कोशिश होगी कि हांगकांग को हराकर अपने खाते में दो और अंक जोड़े और अगले चरण के लिए अपनी दावेदारी और मजबूत करे। हांगकांग के बाद भारत का सामना पाकिस्तान से होगा। दोनों टीमों के बीच यह बहुप्रतीक्षित मुकाबला 6 सितंबर को खेला जाएगा।
भारत उसी प्लेइंग इलेवन के साथ उतर सकता है
भारत और हांगकांग के बीच होने वाले मैच में टीम इंडिया फेवरेट मानी जा रही है और हरमनप्रीत कौर की टीम के लिए दूसरी जीत हासिल करना ज्यादू मुश्किल तो नहीं होना चाहिए। भारतीय टीम का प्रदर्शन थाइलैंड के खिलाफ काफी अच्छा रहा था, लेकिन थाईलैंड की टीम ने भारतीय बल्लेबाजों को मुश्किल में जरूर डाला था। हालांकि टीम इंडिया का स्कोर 159 पहुंच गया था और फिर भारतीय गेंदबाजों ने थाइलैंड को 65 रन पर समेट दिया था।
हांगकांग के खिलाफ होने वाले मुकाबले के लिए भारतीय टीम की संभावित प्लेइंग इलेवन में किसी बड़े बदलाव के आसार कम हैं। स्मृति मंधाना के साथ शैफाली वर्मा पारी की शुरुआत करती नजर आ सकती हैं। मध्यक्रम में प्रतिका रावल, हरमनप्रीत कौर, भारती फुलमाली, ऋचा घोष और दीप्ति शर्मा को जिम्मेदारी मिल सकती है। वहीं, गेंदबाजी विभाग में प्रेमा रावत, श्री चरणी, क्रांति गौड़ और नंदिनी शर्मा को मौका मिलने की संभावना है। थाइलैंड के खिलाफ मिली बड़ी जीत के बाद टीम प्रबंधन अपनी विजयी एकादश पर ही भरोसा कायम रख सकता है और दूसरे मुकाबले में बदलाव की संभावना फिलहाल कम ही नजर आ रही है।
हांगकांग के खिलाफ मैच के लिए भारत की संभावित प्लेइंग इलेवन
स्मृति मंधाना, शैफाली वर्मा, प्रतिका रावल, हरमनप्रीत कौर, भारती फुलमाली, ऋचा घोष, दीप्ति शर्मा, प्रेमा रावत, श्री चरणी, क्रांति गौड़, नंदिनी शर्मा।


