नई दिल्ली : श्रीलंका दौरे पर दो मैचों की टेस्ट सीरीज शुरू होने से पहले भारतीय टीम को बड़ा झटका लगा है। शुक्रवार (7 अगस्त) से श्रीलंका इलेवन के खिलाफ शुरू हुए तीन दिवसीय अभ्यास मैच से पहले कप्तान शुभमन गिल चोटिल हो गए, जिसके चलते वह मुकाबले के पहले दिन मैदान पर नहीं उतर सके। उनकी गैरमौजूदगी में टीम की कमान केएल राहुल ने संभाली। वहीं, टॉस जीतने के बाद श्रीलंका इलेवन ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया, जबकि भारतीय टीम की नजर अभ्यास मुकाबले के जरिए अंतिम संयोजन तय करने पर रहेगी।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने शुभमन गिल की चोट को लेकर आधिकारिक बयान जारी करते हुए कहा, “गुरुवार को भारत के अभ्यास सत्र के दौरान कप्तान शुभमन गिल के दाहिने हाथ की रिंग फिंगर में चोट लग गई। एहतियात के तौर पर वह श्रीलंका इलेवन के खिलाफ वार्म-अप मैच के पहले दिन मैदान पर नहीं उतरेंगे। बीसीसीआई की मेडिकल टीम उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए है और उनकी रिकवरी का आकलन कर रही है।”
शुभमन गिल की चोट ने बढ़ाई भारत की चिंता
भारतीय टीम की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह पहले ही चोट के कारण पूरी सीरीज से बाहर हो चुके हैं, जबकि वाशिंगटन सुंदर कम से कम पहला टेस्ट नहीं खेल पाएंगे। वहीं, युवा बल्लेबाज साई सुदर्शन की उपलब्धता पर भी संशय बना हुआ है। वह फिलहाल बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में अपनी फिटनेस पर काम कर रहे हैं।
ऐसे में शुभमन गिल का चोटिल होना टीम इंडिया के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। गिल न सिर्फ टेस्ट टीम के प्रमुख बल्लेबाज हैं, बल्कि कप्तानी संभालने के बाद उन्होंने बल्ले से भी लगातार शानदार प्रदर्शन किया है। विश्व टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 के मौजूदा चक्र में वह भारत की ओर से सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। ऐसे में उनकी फिटनेस पर अब पूरी टीम की नजरें टिकी होंगी।
श्रीलंकाई टीम
निशान मदुश्का, पसिंदु सोरियाबंदरा, पवन रथनायके, अहान विक्रमसिंघे, सोनल दिनुशा (कप्तान), अंजला बंदरा (विकेटकीपर), निपुण धनंजय, लाहिरू कुमारा, विश्व फर्नांडो, असंका मनोज, इसिता विजेसुंदर, रमेश मेंडिस, दिलुम सुदीरा, केशर नुवांथा, रविन्दु रसंथा।
भारतीय टीम
शुभमन गिल, यशस्वी जायसवाल, साई सुदर्शन, देवदत्त पडिक्कल, केएल राहुल (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), रविंद्र जडेजा, ध्रुव जुरेल, मानव सुथार, सारांश जैन, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, आकिब नबी, गुरनूर बरार।


