जकार्ता : पीवी सिंधु ने इंडोनेशिया ओपन बैडमिंटन में शानदार शुरुआत करते हुए थाईलैंड की बसानन ओंगबामरुंगफान को 25-23, 21-16 से हराया। स्कोरलाइन भले ही एकतरफा नजर आए, लेकिन मुकाबले के दौरान कई ऐसे पल आए जब सिंधु को अपनी पूरी क्षमता दिखानी पड़ी। पहले गेम में वह मजबूत स्थिति में थीं और लगातार बढ़त बनाए हुए थीं। हालांकि खेल दोबारा शुरू करने में देरी के कारण उन्हें पेनल्टी झेलनी पड़ी, जिसका फायदा बुसानन ने उठाया और मुकाबले को रोमांचक बना दिया।
दबाव में भी नहीं डगमगाईं पीवी सिंधू
बुसानन ने वापसी करते हुए पहले गेम में सिंधु की बढ़त को खत्म कर दिया, लेकिन निर्णायक क्षणों में भारतीय खिलाड़ी का अनुभव काम आया। जब-जब थाई खिलाड़ी ने मैच का रुख बदलने की कोशिश की, सिंधु ने आक्रामक खेल और लगातार अच्छे शॉट्स के जरिए जवाब दिया। पहला गेम जीतने के बाद सिंधू ने दूसरे गेम में भी लय बरकरार रखी और सीधे गेमों में मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ उन्होंने प्री-क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली।
क्या इस बार भी भिड़ेंगी एन से-यंग और पीवी सिंधू?
सिंधु की इस जीत के बाद अब उनकी संभावित टक्कर दक्षिण कोरिया की विश्व नंबर-1 खिलाड़ी एन से-यंग से हो सकती है। पिछले सप्ताह सिंगापुर ओपन के क्वार्टर फाइनल में एन से-यंग ने सिंधु को हराया था। हालांकि यह मुकाबला तभी संभव होगा जब एन से-यंग अपने पहले दौर के मैच में तुर्किये की नेस्लिहान अरिन को पराजित करें। ऐसे में बैडमिंटन प्रेमियों की नजर अब इस संभावित मुकाबले पर टिकी रहेगी।
मुकाबले में बुसानन पर भारी रहीं पीवी सिंधू
इस जीत के साथ सिंधु ने बुसानन के खिलाफ अपना शानदार रिकॉर्ड और मजबूत कर लिया। दोनों खिलाड़ियों के बीच अब तक 22 मुकाबले हुए हैं, जिनमें से 21 में सिंधु ने जीत हासिल की है। बुसानन ने अपनी रक्षात्मक शैली और कोर्ट कवरेज से सिंधु को चुनौती देने की कोशिश की, लेकिन भारतीय खिलाड़ी का आक्रामक खेल निर्णायक साबित हुआ।
भारतीय खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर टिकी नजरें
इंडोनेशिया ओपन बैडमिंटन में भारत के कई अन्य खिलाड़ी भी अपनी चुनौती पेश करेंगे। पुरुष एकल में लक्ष्य सेन का सामना मेजबान इंडोनेशिया के विश्व नंबर-13 अल्वी फरहान से होगा। वहीं पूर्व विश्व नंबर-1 किदांबी श्रीकांत अपने अभियान की शुरुआत जापान के युशी तनाका के खिलाफ करेंगे। महिला एकल में उन्नति हुड्डा और मालविका बंसोड़ भी कोर्ट पर उतरकर अपना दम दिखाएंगी।
मालविका को पहले दौर में सातवीं वरीयता प्राप्त थाई खिलाड़ी पोर्नपावी चोचुवोंग की कठिन चुनौती का सामना करना होगा। महिला युगल में भारत की उम्मीदें त्रिसा जॉली और गायत्री गोपीचंद की जोड़ी पर टिकी रहेंगी। वहीं पुरुष युगल में सिंगापुर ओपन चैंपियन सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी भी इंडोनेशिया में अपने अभियान की शुरुआत करेंगे।


