एनएसटी न्यूज, भोपाल। लोक स्वास्थ्य यांत्रिक विभागीय खेल एवं सांस्कृतिक समिति के तत्वावधान में पुलिस ग्राउंड, नेहरू नगर में आयोजित 18वीं प्रदेश स्तरीय विभागीय क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला इंदौर परिक्षेत्र और जबलपुर मैकेनिकल खंड के बीच खेला गया, जिसमें इंदौर परिक्षेत्र ने रोमांचक जीत दर्ज करते हुए खिताब अपने नाम किया। फाइनल मैच में इंदौर परिक्षेत्र ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए जबलपुर मैकेनिकल खंड की टीम ने 11 ओवर में 6 विकेट खोकर 85 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंदौर परिक्षेत्र की टीम ने 10 ओवर में 6 विकेट पर 88 रन बनाकर मुकाबला जीत लिया। इंदौर परिक्षेत्र के इरफान खान को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया, जबकि पूरे टूर्नामेंट में शानदार खेल के लिए रोहित वर्मा को मैन ऑफ द सीरीज का पुरस्कार प्रदान किया गया।
इस अवसर पर विभागीय खेल समिति द्वारा आयोजित अन्य खेल प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया। टेबल टेनिस में डी. के. जैन विजेता और राजकुमार चतुर्वेदी उपविजेता रहे। बैडमिंटन में भ्रगू साखरे ने खिताब जीता, जबकि राहुल धुर्वे उपविजेता बने। शतरंज में पंकज राव गोरखेङे विजेता और दीपेश राजपूत उपविजेता रहे। केरम प्रतियोगिता में नवीन गोस्वामी विजेता और मोहम्मद परवेज उपविजेता घोषित किए गए। पुरस्कार वितरण संजय कुमार अधंवान, प्रमुख अभियंता लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग एवं अनुराग श्रीवास्तव, अध्यक्ष विभागीय खेल समिति द्वारा किया गया। कार्यक्रम के दौरान समिति के वार्षिक कैलेंडर का विमोचन भी किया गया।

