एस.एम. खान ट्रॉफी और माधवराव सिंधिया ट्रॉफी में इंदौर डिवीजन का दबदबा, भोपाल को दोनों मुकाबलों में हार

0

एनएसटी न्यूज, भोपाल। मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित SM Khan Trophy 2026 में इंदौर डिवीजन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भोपाल डिवीजन को 128 रन से हराया। इंदौर के जिमखाना मैदान पर खेले गए अंडर-18 लिमिटेड ओवर मुकाबले में इंदौर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 8 विकेट पर 317 रन बनाए। टीम की ओर से सार्थक वर्मा ने 133 रनों की बेहतरीन शतकीय पारी खेली, जबकि भव्य चोयल ने 44 रन जोड़े। भोपाल की ओर से गेंदबाजी में तेजस पटेल, दिव्यांश बंडोलिया और ओजस शुक्ला ने 2-2 विकेट लिए।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी भोपाल डिवीजन की टीम 45.4 ओवर में 189 रन पर ऑलआउट हो गई। भोपाल के लिए रुद्र प्रताप सिंह तोमर ने 61 रन, जबकि मलय श्रीवास्तव और नैतिक जैन ने 48-48 रन बनाए। इंदौर की ओर से प्रतीक दुबे ने 4 विकेट और अनय मिश्रा ने 2 विकेट लेकर टीम की जीत सुनिश्चित की। सार्थक वर्मा और प्रतीक दुबे को संयुक्त रूप से प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। वहीं सीनियर वर्ग में खेले गए Madhavrao Scindia Trophy 2026 के फाइनल में भी इंदौर डिवीजन ने भोपाल डिवीजन को 16 रन से हराकर खिताब अपने नाम किया।

ग्वालियर स्थित श्रीमंत माधवराव सिंधिया स्टेडियम में खेले गए फाइनल में इंदौर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 8 विकेट पर 360 रन बनाए। टीम के लिए चंचल राठौर ने 74 रन, अन्वेष चावला ने 62 रन, सागर सोलंकी ने नाबाद 59 रन, शुभम शर्मा ने 53 रन और हर्ष गवली ने 51 रन का योगदान दिया। भोपाल की ओर से पृथ्वीराज तोमर ने 3 विकेट, जबकि प्रारब्ध मिश्रा और तनिष्क यादव ने 2-2 विकेट लिए।

जवाब में भोपाल डिवीजन 48.2 ओवर में 344 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से कनिष्क दुबे ने शानदार शतक (102 रन), अरहम अकील ने 75 रन और ओजस्व यादव ने 60 रन बनाए। इंदौर के सौरभ शर्मा ने 5 विकेट और ईशान चौधरी ने 2 विकेट लेकर अहम भूमिका निभाई। इन दोनों मुकाबलों में इंदौर डिवीजन का प्रदर्शन प्रभावशाली रहा और उसने अंडर-18 और सीनियर दोनों वर्गों में अपनी श्रेष्ठता साबित की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here