सीबीएसई नेशनल स्विमिंग चैम्पियनशिप भोपाल में 1000 से ज्यादा स्विमर दिखा रहे हैं दमखम
भोपाल। इंदौर के शिशुकुंज इंटरनेशनल स्कूल के कृशिव दोषी ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए सीबीएसई नेशनल स्विमिंग चैम्पियनशिप में गोल्ड जीता है। यह शिशुकुंज का इस टूर्नामेंट में चौथा गोल्ड है। पहले दिन उसने तीन गोल्ड जीते थे। टूर्नामेंट में बेंगलुरू का दबदबा रहा है। तीसरे दिन भी उसके अधिकतर तैराकों ने गोल्ड जीते। ओजस सूद, ओम त्यागी, हिमांशु, रुद्र जोशी, गौतम, विमल और समरत सिंह सोलंकी ने अपने–अपने इवेंट में गोल्ड दिलाए।
टेक्नोक्रेट इंटरनेशनल स्कूल के तत्वावधान में प्रकाश तरण ताल में आयोजित इस टूर्नामेंट में रविवार को कुल 15 फाइनल इवेंट हुए। इनमें कृशिव दोशी ने 200 मीटर बेक स्ट्रोक अंडर–14 में 2:21.57 का समय लेकर गोल्ड जीता। इसका सिल्वर बेंगलुरू के लोहिताश्व नागेश ने जीता। जबकि ब्रॉन्ज रायपुर के अनंत द्विवेदी के नाम रहा। इनके अलावा ओजस सूद ने 50 मीटर फ्री स्टाइल अंडर–17 में 24.39 के साथ गोल्ड जीता। ओम त्यागी ने अंडर–19 50 मीटर फ्री स्टाइल 25.22 के साथ गोल्ड पर कब्जा जमाया। अंडर–14 की 50 मीटर फ्री स्टाइल में हिमांशु नहाकपम सबसे आगे रहे। उन्होंने 27.14 का समय निकाला।
अंडर–11 50 मीटर फ्री स्टाइल में रुद्र जोशी ने गोल्ड जीता। उन्होंने 31.78 सेकंड का समय निकाला। 100 मीटर ब्रेस्ट स्ट्रोक अंडर–17 का गोल्ड मेडल गौतम ने 1:8.14 मिनट के साथ जीता। अंडर–19 100 मीटर ब्रेस्ट में विमल राधाकृष्णन सबसे आगे रहे। उन्होंने 1:12. 37 के साथ गोल्ड मेडल पर कब्जा जमाया। इसी तरह अंडर–14 100 मीटर ब्रेस्ट स्ट्रोक में समरत सिंह सोलंकी 1.14.90 मिनट के साथ सबसे आगे रहे। 800 मीटर फ्री स्टाइल अंड–17 में बेंगलुरू के ध्रुपद रामकृष्ण सबसे आगे रहे। 200 मीटर बेक स्ट्रोक अंडर–19 में दुबई के जिओन जीबी2:14.80 के साथ गोल्ड जीता। 200 मीटर बेक अंडर–17 में मालासर के अद्ववित ने 2:17.21 के साथ गोल्ड जीता।
200 मीटर फ्री स्टाइल अंडर 19 में बेंगलुरू के पृथ्वीराज गोपाकुमार मेनन ने 2:2.37 के साथ गोल्ड जीता। 200 मीटर फ्री स्टाइल अंडर–14 में दुबई के जीडान जावेद 2:13.46 के साथ सबसे आगे रहे। इसी तरह अंडर–17 की 200 मीटर फ्री स्टाइल का गोल्ड बेंगलरू के राकेशन प्रवीण ने 2:3.65 के साथ जीता। पुरस्कार वितरण खेल अधिकारी सीएस धाकड़, डा. राजेश त्रिपाठी, बीएस पवार और संतोष कटियार ने किया।


