नई दिल्ली: ऑस्ट्रेलिया के 23 वर्षीय युवा बल्लेबाज जेक फ्रेसर मैकगर्क ने एक बार फिर से क्रिकेट जगत में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से तहलका मचा दिया है। उन्होंने महज 29 गेंदों में शतक जड़कर सभी को चौंका दिया। हाल ही में भारत ए के खिलाफ कानपुर में खेली गई तीन मैचों की वनडे सीरीज में उनका प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा था, लेकिन देश लौटते ही उन्होंने 38 गेंदों पर 125 रनों की तूफानी पारी खेलकर धमाकेदार वापसी की है। उनकी इस पारी के बाद अब क्रिकेट फैंस के मन में यह सवाल उठने लगा है कि क्या उन्होंने एबी डिविलियर्स के 31 गेंदों में सबसे तेज वनडे शतक के रिकॉर्ड को तोड़ दिया है?
जी नहीं, क्योंकि जेक फ्रेसर मैकगर्क ने यह शतकीय पारी ऑस्ट्रेलिया के घरेलू लिस्ट ए मैच में खेली है। उन्होंने तस्मानिया के खिलाफ 38 गेंद पर 10 चौके और 13 छक्के लगाकर 125 रन की पारी खेल। लिस्ट ए में यह उनका पहला शतक बन गया है। जबकि पिछले हफ्ते ही भारत की ए टीम के खिलाफ वह फ्लाप साबित हुए थे। तीन पारियों में वह 23,36 और 5 रन ही बना पाए थे। मगर उनका यह शतक उनके लिए ऑस्ट्रेलियाई टीम में वापसी के लिहाज से काफी अहम साबित हो सकता है। उन्हें भारत के खिलाफ सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलिया के वनडे या टी20 किसी स्क्वाड में जगह नहीं मिली है।
आईपीएल में मचाया था धमाल, ताबड़तोड़ अंदाज़ से किया था आगाज़
जेक फ्रेसर मैकगर्क ने आईपीएल में भी अपना दमदार आगाज किया था। दिल्ली कैपिटल्स की ओर से खेलते हुए उन्होंने आईपीएल 2024 में अपनी तूफानी बल्लेबाजी से सबका ध्यान खींचा था। मात्र 9 मैचों में उन्होंने 330 रन बनाए, जिसमें चार अर्धशतक शामिल थे और उनका स्ट्राइक रेट 230 से भी ऊपर रहा। उनके इसी प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली कैपिटल्स ने उन्हें आईपीएल 2025 के लिए 9 करोड़ रुपए में रिटेन किया। हालांकि 2025 सीजन में उनका फॉर्म पूरी तरह गिर गया और 6 मैचों में वह सिर्फ 55 रन ही बना सके, जिससे वह बुरी तरह फ्लॉप साबित हुए।
इंटरनेशनल क्रिकेट में नहीं बना पाए अर्धशतक, अब तक अधूरी रही पारी
अगर जेक फ्रेसर मैकगर्क के इंटरनेशनल करियर की बात की जाए तो उन्हें आईपीएल 2024 से पहले ऑस्ट्रेलिया की वनडे टीम में डेब्यू का मौका मिला था। इसके बाद सितंबर में उन्होंने टी20 इंटरनेशनल में भी पदार्पण किया। अब तक वे ऑस्ट्रेलिया के लिए 7 वनडे और 8 टी20 इंटरनेशनल मैच खेल चुके हैं। वनडे टीम से वे फरवरी 2025 में ही बाहर हो गए थे, जबकि टी20 में आखिरी बार जुलाई 2025 में वेस्टइंडीज के खिलाफ मैदान पर नजर आए थे। इंटरनेशनल स्तर पर उनका प्रदर्शन खास नहीं रहा है — उन्होंने वनडे की 7 पारियों में सिर्फ 98 रन और टी20 की 8 पारियों में 115 रन बनाए हैं। खास बात ये है कि अब तक वे एक भी इंटरनेशनल मैच में 50 रन का आंकड़ा पार नहीं कर पाए हैं।

