नई दिल्ली: आज आईपीएल के 30वें मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद का सामना रॉयल चैलेंजर्स बैंगलुरु (आरसीबी) से है। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला आरसीबी के होम ग्राउंड एम चिन्नास्वामी स्टेडियम पर खेला जा रहा है। सनराइजर्स हैदराबाद की टीम ने अपने पिछले दो मैच जीते हैं और उसकी नजरें जीत की हैट्रिक लगाने पर होंगी, जबकि इस सीजन खराब फॉर्म में चल रही आरसीबी की नजरें वापसी करने पर होंगी।
सनराइजर्स हैदराबाद ने आरसीबी के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी करते हुए आईपीएल इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर खड़ा किया। हैदराबाद ने पहले बल्लेबाजी करते हुए ट्रेविस हेड के शतक और हेनरिच क्लासेन के अर्धशतक की मदद से 20 ओवर में तीन विकेट पर 287 रन बनाए। हैदराबाद ने आईपीएल के इसी सीजन में मुंबई इंडियंस के खिलाफ 277 रन बनाए थे जो आईपीएल का सबसे बड़ा स्कोर था, लेकिन इस मैच के कुछ ही दिन बाद उसने अपना ही रिकॉर्ड तोड़ डाला। आरसीबी के लिए तेज गेंदबाज लॉकी फर्ग्यूसन सबसे सफल गेंदबाज रहे जिन्होंने 52 रन देकर दो विकेट लिए।
आरसीबी के कप्तान फाफ डुप्लेसिस ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया, लेकिन हेड और अभिषेक शर्मा ने पहले ही ओवर से ताबड़तोड़ बल्लेबाजी कर डुप्लेसिस का यह फैसला गलत साबित करने में ज्यादा देर नहीं लगाई। दोनों बल्लेबाजों ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए महज 27 गेंदों पर ही 50 रन पूरे कर दिए। हैदराबाद ने पावरप्ले खत्म होने तक बिना विकेट गंवाए 76 रन बनाए थे जिसमें अकेले ही हेड ने 52 रन का योगदान दिया। हेड ने महज 20 गेंदों पर पचासा पूरा किया और फिर शतक पूरा करने के लिए सिर्फ 19 गेंदें और ली।
हेड ने 39 गेंदों पर अपना शतक पूरा किया जो आईपीएल इतिहास का चौथा सबसे तेज शतक है। हेड की पारी का अंत फर्ग्यूसन ने किया। हेड 41 गेंदों पर नौ चौकों और आठ छक्कों की मदद से 102 रन बनाकर आउट हुए। हेड के आउट होने के बाद हेनरिच क्लासेन ने मोर्चा संभाला और धुआंधार बल्लेबाजी करते हुए बड़े शॉट खेले। एक समय ऐसा लग रहा था कि टीम 300 रन का स्कोर बना लेगी, लेकिन पहले हेड और फिर क्लासेन के आउट होने से यह संभव नहीं हो सका।
आरसीबी के गेंदबाज रीस टॉप्ली ने अभिषेक शर्मा को आउट कर सनराइजर्स हैदराबाद को पहला झटका दिया है। इसी के साथ अभिषेक और हेड के बीच पहले विकेट के लिए हुई 108 रनों की साझेदारी टूट गई। फिलहाल हेड क्रीज पर मौजूद हैं और 27 गेंदों पर 71 रन बनाकर खेल रहे हैं। नए बल्लेबाज के रूप में हेनरिच क्लासेन उतरे हैं।


