IPL 2024: 11 अप्रैल को मुंबई-बेंगलुरु की भिड़ंत, पिच और मौसम रिपोर्ट

0

नई दिल्ली: मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में 11 अप्रैल (गुरुवार) 2024 को एक दिलचस्प मुकाबला होने वाला है। दरअसल, इंडियन प्रीमियर लीग 2024 के 25वें मैच में जब हार्दिक पंड्या की टीम मुंबई इंडियंस रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की मेजबानी करेगी तो उसकी नजर अपनी जीत की लय बरकरार रखने पर होगी। वहीं, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु तीन मैच की हार का क्रम तोड़कर जीत की राह पर लौटने की कोशिश करेगी। दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ हालिया मैच में मुंबई इंडियंस ने अपनी निराशाओं का सिलसिला तोड़ते हुए जीत हासिल की। इसके विपरीत रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु खुद को लगातार हार के जाल में फंसी हुई पा रही है।

MI vs RCB हेड टू हेड रिकॉर्ड्स
एक दूसरे की कट्टर प्रतिद्वंद्वी मानी जाने वाली मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच अब तक 34 आईपीएल मैच खेले गए हैं। इनमें से 20 में मुंबई इंडियंस ने जीत हासिल की है, जबकि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु 14 मैच में विजयी रही। वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच अब तक 10 मैच खेले गए। इनमें से 7 में मुंबई इंडियंस ने जीत हासिल की, जबकि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु सिर्फ 3 मैच ही अपने नाम कर पाई। हालांकि, आरसीबी ने दोनों के बीच खेले गए पिछले पांच मैचों में से चार में जीत हासिल की है। एमआई के खिलाफ आरसीबी का अब तक का उच्चतम स्कोर 235 रन है। आरसीबी के खिलाफ एमआई का उच्चतम स्कोर 213 रन है।

MI vs RCB मैच के लिए वानखेड़े स्टेडियम पिच रिपोर्ट
वानखेड़े स्टेडियम आमतौर पर बल्लेबाजों को बड़ा स्कोर बनाने में मदद करता है। पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम इसका फायदा उठाकर बड़ा स्कोर खड़ा करने की कोशिश करेगी, क्योंकि रात में पड़ने वाली ओस (शबनम) समस्या पैदा कर सकती है। वानखेड़े स्टेडियम की पिच पर तेज गेंदबाजों ने अब तक 887 विकेट लिए हैं। वहीं स्पिनर्स के खाते में 367 विकेट गए हैं। यहां पहली पारी का औसत स्कोर 169 रन है। वानखेड़े स्टेडियम पर अब तक 111 आईपीएल मैच खेले गए हैं। इनमें पहले बल्लेबाजी करने वाली टीमों ने 51 और लक्ष्य का पीछा करने वाली टीमों ने 60 मैच जीते हैं। इस मैदान पर खेले गए पिछले मैच में मुंबई इंडियंस ने 234 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया था। हालांकि, लक्ष्य का पीछा करने वाली दिल्ली कैपिटल्स भले ही जीत हासिल नहीं कर पाई हो, लेकिन वह भी 205 रन बनाने में सफल रही थी।

वानखेड़े स्टेडियम पर रोहित MI और विराट RCB के टॉप स्कोरर
मुंबई इंडियंस के लिए वानखेड़े स्टेडियम में रोहित शर्मा (574 रन) सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं, जबकि आरसीबी के लिए यहां विराट कोहली (852 रन) सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं। मुंबई इंडियंस की ओर से यहां सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर इशान किशन (99 रन) ने बनाया है। वहीं इस मैदान पर आरसीबी के लिए सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर बनाने का रिकॉर्ड एबी डिविलियर्स (नाबाद 133 रन) के नाम है।

MI vs RCB IPL मैच के दौरान मुंबई के मौसम का पूर्वानुमान
11 अप्रैल को मुंबई इंडियंस बनाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु मैच के दौरान बारिश की संभावना नहीं है। आर्द्रता 65-75 प्रतिशत के बीच होगी, जिसका मतलब है कि दूसरी पारी में ओस महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। मैच शुरू होने के समय मुंबई में तापमान 30 डिग्री के आसपास रहेगा। यह मैच के अंत तक गिरकर 28 डिग्री तक जा सकता है। हवा की गुणवत्ता अस्वास्थ्यकर रहेगी।

MI vs RCB IPL 2024 मैच जीतने की भविष्यवाणी
मुंबई इंडियंस बनाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु मैच को लेकर गूगल की भविष्यवाणी के अनुसार, 57 फीसदी संभावना है कि मुंबई इंडियंस आईपीएल 2024 में अपने पांचवें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को हरा देगी और आईपीएल 2024 की ताजा अंक तालिका में एक पायदान ऊपर पहुंच जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here