IPL 2024: टीम के कोच मार्क बाउचर का मानना है कि हार्दिक पर लगातार हूटिंग का असर पड़ा

0

नई दिल्ली: पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस के लिए यह सीजन निराशाजनक रहा। टीम ने अपने 14 मैचों में इस बार केवल चार ही मैच जीते। उसे 10 मैच में हार मिली। टीम अंकतालिका में आखिरी स्थान पर रही। पूरे सीजन में टीम के कप्तान हार्दिक पंड्या ट्रोल होते रहे और उनकी कप्तानी पर भी सवाल खड़े होते रहे। टीम के कोच मार्क बाउचर का मनना है कि हार्दिक पर लगातार हूटिंग का असर पड़ा।

मार्क बाउचर ने कहा कि जो इस सीजन में हुआ वह अगली बार न हो इसके लिए टीम मैनेजमेंट को कुछ हल निकालना होगा। रोहित शर्मा को कप्तानी से हटाए जाने के कारण फैंस काफी निराश थे। गुजरात टाइटंस के कप्तान के तौर पर दो सत्र में कामयाब रहने के बाद पंड्या इस सत्र में मुंबई इंडियंस के कप्तान के तौर पर लौटे । उन्हें पांच बार के चैम्पियन कप्तान रोहित शर्मा की जगह कमान सौंपे जाने से दर्शक काफी नाराज हुए।

बाउचर ने सत्र के आखिरी मैच में लखनऊ सुपर जाइंट्स से मिली हार के बाद कहा ,‘‘ यह सब हूटिंग देखकर अच्छा नहीं लगा। हार्दिक के लिये बुरा लग रहा था । इस तरह की स्थिति से गुजरना कभी अच्छा नहीं होता।’’ उन्होंने कहा ,‘‘ मुझे लगता है कि कुछ चीजों का व्यक्तियों पर असर होता है और आखिर में टीम पर भी असर होता है।’’

उन्होंने कहा ,‘‘ उसे लेकर बहुत कुछ हो रहा था और शायद उसके दिमाग में भी यह चल रहा होगा जिससे बतौर कप्तान उसके लिये मुश्किल हालात थे । ड्रेसिंग रूम में सभी उसके साथ थे लेकिन एक खिलाड़ी के तौर पर इस तरह के हालात कठिन होते हैं।’’ बाउचर ने कहा ,‘‘ हमें इस पर बात करके भविष्य के लिये अच्छे फैसले लेने होंगे। यह एक पेशेवर टीम है और खिलाड़ी, स्टाफ, हर किसी का आकलन प्रदर्शन के आधार पर होता है। अगर मैदान पर हो रही किसी चीज का असर टीम पर पड़ रहा है तो उसका हल निकालना होगा।’’ उन्होंने कहा कि वह पंड्या को मुंबई इंडियंस का कप्तान बनाये रखने के पक्षधर है लेकिन टीम के शर्मनाक प्रदर्शन का आकलन किया जायेगा और कोई जज्बाजी फैसला नहीं लिया जायेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here