नई दिल्ली: आईपीएल 2024 का आगाज चेन्नई में डिफेंडिंग चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स और आरसीबी के बीच मुकाबले के साथ शुक्रवार को होगा। इस सीजन के शुरू होने से पहले ही धोनी ने सीएसके टीम की कप्तानी छोड़ दी थी, लेकिन बतौर विकेटकीपर-बल्लेबाज वह टीम का हिस्सा बने रहेंगे। चर्चा इस बात पर भी हो रही है कि धोनी ने अचानक से ऐसा फैसला किया तो क्या यह उनका आखिरी आईपीएल सीजन होगा, लेकिन यह बाद की बात होगी और सबकी नजर इस पर टिकी रहेगी, लेकिन इन सारी बातों के बीच इस सीजन में धोनी भी अपना पहला मैच आरसीबी के खिलाफ खेलेंगे। इस लीग में धोनी के नाम पर एक कमाल का रिकॉर्ड दर्ज है और वह आरसीबी के खिलाफ सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले खिलाड़ी हैं।
आरसीबी के खिलाफ धोनी के नाम सबसे ज्यादा छक्के
42 साले के धोनी एक साल के बाद मैदान पर आरसीबी के खिलाफ वापसी करेंगे और इस टीम के खिलाफ वह छक्के लगाने के मामले में आईपीएल के सभी खिलाड़ियों से आगे हैं। धोनी ने इस लीग में आरसीबी के खिलाफ पिछले सभी सीजन को मिलाकर कुल 46 छक्के लगाए हैं। वैसे आईपीएल में एक टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में (भारतीय) भी धोनी पहले नंबर पर हैं, लेकिन उनके साथ इस लिस्ट में रोहित शर्मा भी पहले पायदान पर हैं। धोनी ने जहां आरसीबी के खिलाफ कुल 46 छक्के लगाए हैं तो वहीं रोहित शर्मा ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ भी कुल 46 छक्के जड़े हैं। इस सीजन में यह भी देखना दिलचस्प होगा कि धोनी और रोहित में से कौन खिलाड़ी एक टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बनते हैं।
आईपीएल में एक टीम के खिलाफ सर्वाधिक छक्के (भारतीय)
46 – एमएस धोनी बनाम आरसीबी
46 – रोहित शर्मा बनाम डीसी
38 – रोहित शर्मा बनाम केकेआर
37 – विराट कोहली बनाम सीएसके
36 – रोहित शर्मा बनाम पीबीकेएस
आईपीएल में धोनी ने लगाए हैं 239 छक्के
आईपीएल में एमएस धोनी ने अब तक कुल 250 मैच खेले हैं और इन मैचों में एक तरफ जहां उनके बल्ले से 349 चौके निकले हैं तो वहीं उन्होंने अब तक कुल 239 छक्के भी लगाए हैं। धोनी ने इस लीग में खेले 250 मैचों में 5082 रन बनाए हैं। धोनी ने अपने टी20 क्रिकेट करियर में अब तक एक भी शतक नहीं लगाया है और आईपीएल में उन्होंने कुल 24 अर्धशतक बनाए हैं। इस लीग में उनका बेस्ट स्कोर नाबाद 84 रन रहा है।


