IPL 2024: ऐसा महज 7 दिन के अंदर हुआ, 2 जगह की बादशाहत गंवा दी

0

नई दिल्ली: इंडियन प्रीमियर लीग 2024 (IPL 2024)में मुंबई इंडियंस का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा है। हार्दिक पंड्या की कप्तानी में 5 बार की चैंपियन टीम ने काफी लचर प्रदर्शन किया। वह प्लेऑफ की रेस से बाहर हो गई है। वह 11 में से 7 मैच हार चुकी है। टीम का प्रदर्शन इतना खराब रहा है कि उसने 2 जगह की बादशाहत गंवा दी है। एक वेन्यू पर वह 12 साल बाद हारी तो एक पर 6 साल बाद। ऐसा महज 7 दिन के अंदर हुआ है।

मुंबई को शुक्रवार (4 मई) को कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR)ने 24 रन से हराया। वानखेड़े में 12 साल बाद कोलकाता ने मुंबई को हराया। साल 2012 में कोलकाता ने मुंबई को 32 रन से हराया था। सुनील नरेन ने उस मैच में शानदार प्रदर्शन किया था। 3.1 ओवर में 15 रन देकर 4 विकेट लिए थे। वानखेड़े में मुंबई के खिलाफ कोलकाता की यह दूसरी जीत थी। 11 मैच में उसे 9 बार हार का सामना करना पड़ा है।

इससे पहले मुंबई इंडियंस को 27 अप्रैल को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स ने 10 रन से हराया। मुंबई की टीम दिल्ली में 6 साल बाद हारी। इससे पहले उसे इस वेन्यू पर 2018 में 11 रन से हार का सामना करना पड़ा था। तब दिल्ली कैपिटल्स की टीम दिल्ली डेयरडेविल्स हुआ करती थी। अमित मिश्रा प्लेयर ऑफ द मैच रहे थे। उन्होंने 4 ओवर में 19 रन देकर 3 विकेट लिए थे। ऋषभ पंत ने 44 गेंद पर 64 रन ठोक दिए थे।

तब दिल्ली के कप्तान श्रेयस अय्यर थे,जो फिलहाल कोलकाता नाइट राइडर्स के कप्तान हैं। आईपीएल 2024 में रन चेज करते हुए मुंबई इंडियंस का रिकॉर्ड काफी खराब रहा है। वह 6 मैच में 5 मैच हारी है। केवल रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB)को हराया है। मुंबई इंडियंस की टीम टूर्नामेंट से सम्मान से विदाई चाहेगी। इसके लिए वह अगल तीनों मैच जीतना चाहेगी। उसे अगला मैच सनराइजर्स हैदराबाद से 6 मई को खेलना है। कोलकाता नाइट राइडर्स से 11 मई और लखनऊ सुपर जायंट्स से 17 मई को खेलना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here