IPL 2025: भारत के दिग्गज क्रिकेटर ने विराट कोहली को लेकर तारीफ में पढ़े कसीदे

0

नई दिल्ली: दिग्गज विराट कोहली 2008 से ही इंडियन प्रीमियर लीग का हिस्सा रहे हैं। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए कोहली ने खूब रन बनाए हैं। पिछले कुछ सीजन में कोहली के स्ट्राइक रेट पर सवाल उठे। आईपीएल 2025 में आरसीबी के पूर्व कप्तान ने तेजी से रन बनाए। उनका स्ट्राइक रेट भी बढ़ा दिखा। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार भारत के दिग्गज क्रिकेटर चेतेश्वर पुजारा ने स्ट्राइक रेट बढ़ने को लेकर विराट कोहली की तारीफ की है।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार पुजारा ने कोहली को लेकर कहा, “यह आसान नहीं है, लेकिन विराट के बारे में अच्छी बात यह है कि वह सबसे फिट क्रिकेटर्स में से एक हैं और वह नई चुनौतियों या कुछ अलग करने के लिए तैयार रहते हैं। वह हमेशा नई चीजें सीखने के लिए तैयार रहते हैं। लोग पहले भी उनकी आलोचना करते रहे हैं कि वह 140-150 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी नहीं कर रहे हैं। अब अगर आप इस सीजन में उनकी बल्लेबाजी को देखें तो उन्होंने इस सवाल का जवाब दे दिया है। उन्होंने 140-150 और उससे ज्यादा के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की है। इसलिए वह एक बल्लेबाज के तौर पर विकसित हुए हैं।”

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार पुजारा ने कोहली को लेकर कहा, “यह स्वाभाविक रूप से नहीं होता। आपको इस पर काम करने की जरूरत है और इस उम्र में भी इस पर काम करने की जरूरत है, जब वह 36 साल के हैं और इतने लंबे समय से खेल रहे हैं। अगर अभी भी सीखने और टीम में अंतर पैदा करने के लिए तैयार हैं, तो इससे पता चलता है कि वह कितने बड़ा खिलाड़ी हैं।”

कोहली ने इस सप्ताह की शुरुआत में मंगलवार (5 जून) को अपना पहला आईपीएल खिताब जीता, जब आरसीबी ने आईपीएल फाइनल में पंजाब किंग्स को छह रनों से हराया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार पुजारा ने कहा, “यह उनके करियर का एक बड़ा पल है। उन्होंने अपने करियर में बहुत कुछ हासिल किया है, लेकिन एक चीज जो वह इतने सालों के अपने करियर में हासिल नहीं कर पाए, वह था आईपीएल खिताब। यह दर्शाता है कि यह उनके लिए कितना मायने रखता है क्योंकि वह कई सालों से इस खिताब को जीतने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे थे। वह बहुत भावुक दिख रहे थे और उनकी आंखों से निकल रहे आंसू एक क्रिकेटर के लिए आईपीएल खिताब के महत्व को दर्शाते हैं।”

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here