IPL 2025: आरसीबी ने इस विस्फोटक बल्लेबाज को टीम में किया शामिल

0

नई दिल्ली: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने गुरुवार को न्यूजीलैंड के विस्फोटक विकेटकीपर बल्लेबाज टिम सेफर्ट को इंग्लैंड के युवा खिलाड़ी जैकब बेथेल के स्थान पर अस्थायी रूप से टीम में शामिल करने की घोषणा की। बेथेल को इंग्लैंड की राष्ट्रीय टीम के लिए अपनी सेवाएं देनी हैं, जिसके चलते वह सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ होने वाले मुकाबले के बाद स्वदेश लौटेंगे। आरसीबी ने एक आधिकारिक बयान में कहा, “न्यूजीलैंड के विस्फोटक विकेटकीपर बल्लेबाज टिम सेफर्ट को जैकब बेथेल के स्थान पर आरसीबी में अस्थायी रूप से शामिल किया गया है। बेथेल सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ हमारे मैच के बाद इंग्लैंड के लिए राष्ट्रीय ड्यूटी पर लौटेंगे।”

30 वर्षीय टिम सेफर्ट एक अनुभवी टी20 खिलाड़ी हैं, जिन्होंने न्यूजीलैंड के लिए 66 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं और इस दौरान 1540 रन बनाए हैं। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी और विकेटकीपिंग कौशल उन्हें एक मूल्यवान खिलाड़ी बनाता है। सेफर्ट इससे पहले इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के लिए 2021 में और दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) के लिए 2022 में खेल चुके हैं। वह 2 करोड़ रुपये की कीमत पर आरसीबी में शामिल होंगे और 24 मई से टीम के साथ जुड़ेंगे।

21 वर्षीय जैकब बेथेल ने आरसीबी के लिए इस सीजन में दो मैचों में हिस्सा लिया और कुल 67 रन बनाए। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ 55 रनों की पारी थी। बेथेल सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 23 मई को होने वाले आरसीबी के अंतिम लीग मैच में उपलब्ध रहेंगे, लेकिन इसके बाद वह इंग्लैंड की राष्ट्रीय टीम के लिए अपनी सेवाएं देने के लिए स्वदेश लौट जाएंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here