नई दिल्ली: आईपीएल 2026 की मिनी नीलामी 16 दिसंबर को दुबई में आयोजित की गई। इस नीलामी ने कुछ खिलाड़ियों के लिए खुशी और सफलता के मौके लेकर आई, जबकि कई खिलाड़ियों के लिए निराशा का कारण बनी। एक तरफ कुछ खिलाड़ियों को फ्रेंचाइजियों ने खरीदने में दिलचस्पी नहीं दिखाई, वहीं दूसरी तरफ कुछ खिलाड़ी उम्मीद से कहीं ज्यादा रकम और मौके हासिल करने में सफल रहे।
डेविड मिलर को 5.6 करोड़ का बड़ा झटका
आईपीएल 2026 की मिनी नीलामी में कुछ ऐसे खिलाड़ी भी रहे, जो पिछले सीजन में अच्छी कीमत पर बिके थे, लेकिन इस बार उन्हें बड़ा घाटा उठाना पड़ा और उन्हें अर्श से सीधे फर्श पर उतरते देखना पड़ा। इनमें प्रमुख नाम गुजरात टाइटंस के आक्रामक बल्लेबाज डेविड मिलर का भी है। आईपीएल 2025 में गुजरात ने मिलर को 7.6 करोड़ में खरीदा था, लेकिन आईपीएल 2026 में उन्हें केवल 2 करोड़ में, यानी उनके बेस प्राइस पर, दिल्ली कैपिटल्स ने अपने लिए साइन किया।
नीलामी में आकाशदीप का 7 करोड़ का नुकसान
इस सीजन में भारतीय टीम के तेज गेंदबाज आकाशदीप को भी बड़ा घाटा उठाना पड़ा। आईपीएल 2025 में 8 करोड़ में बिकने वाले आकाशदीप को आईपीएल 2026 में केवल 1 करोड़ की कीमत पर कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने अपने लिए खरीदा। साल 2025 में उन्हें लखनऊ सुपर जायंट्स ने साइन किया था। इसी तरह, आईपीएल 2026 में राहुल त्रिपाठी को भी भारी नुकसान झेलना पड़ा। पिछले सीजन में चेन्नई सुपर किंग्स ने उन्हें 3.4 करोड़ में खरीदा था, लेकिन इस बार केकेआर ने उन्हें केवल 75 लाख में अपनी टीम में शामिल किया।
नीलामी में पथिराना का 5 करोड़ का लाभ
इस बार श्रीलंका के गेंदबाज मथीशा पथिराना को आईपीएल 2026 में जबरदस्त फायदा हुआ। आईपीएल 2025 में उन्हें चेन्नई सुपर किंग्स ने 13 करोड़ में खरीदा था, लेकिन इस बार कोलकाता नाइट राइडर्स ने उन पर जमकर बोली लगाते हुए 18 करोड़ की बड़ी कीमत में साइन किया। वहीं, वेंकटेश अय्यर इस नीलामी में सबसे ज्यादा घाटा उठाने वाले खिलाड़ी रहे। आईपीएल 2025 में केकेआर ने उन्हें 23.75 करोड़ में खरीदा था, लेकिन आईपीएल 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने उन्हें केवल 7 करोड़ में अपनी टीम में शामिल किया।


