गुवाहाटी. मुंबई इंडियंस (MI) के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। टीम के कप्तान हार्दिक पंड्या ने खराब स्वास्थ्य से उबरने के बाद रविवार को नेट्स पर वापसी कर ली है। दिल्ली कैपिटल्स (DC) के खिलाफ पिछला मैच नहीं खेलने वाले हार्दिक अब पूरी तरह फिट नजर आ रहे हैं और मंगलवार को राजस्थान रॉयल्स (RR) के खिलाफ होने वाले मुकाबले में उनके खेलने की पूरी संभावना है।
अभ्यास सत्र में दिखी पुरानी लय
गुवाहाटी में आयोजित अभ्यास सत्र के दौरान हार्दिक पंड्या काफी सक्रिय दिखे। वार्म-अप के बाद उन्होंने खाली नेट्स में तेज गति से गेंदबाजी की और सटीक यॉर्कर डालने का अभ्यास किया। इस दौरान वे टीम के फिजियो नितिन पटेल से तकनीकी चर्चा करते भी नजर आए। गेंदबाजी के बाद उन्होंने बल्लेबाजी कोच कायरन पोलार्ड की निगरानी में बल्लेबाजी का कड़ा अभ्यास किया, जहाँ गेंद उनके बल्ले के बीचों-बीच (Middle of the bat) लगती दिखाई दी।
पिछले मैच में खली थी कमी
दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच में हार्दिक की अनुपस्थिति में सूर्यकुमार यादव ने टीम की कमान संभाली थी। हार्दिक के ‘अनवेल’ होने के कारण टीम संतुलन में बदलाव करना पड़ा था, जिसमें दीपक चाहर और कॉर्बिन बॉश को शामिल किया गया था और ट्रेंट बोल्ट को बाहर बैठना पड़ा था। हार्दिक की वापसी से न केवल टीम की कप्तानी मजबूत होगी, बल्कि निचले क्रम की बल्लेबाजी और मध्यम तेज गेंदबाजी में भी गहराई आएगी।
सीजन की शुरुआत रही है अच्छी
हार्दिक ने इस सीजन के पहले मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ 11 गेंदों में 18 रन बनाए थे और एक महत्वपूर्ण विकेट भी लिया था, जिसे मुंबई ने छह विकेट से जीता था। प्रशंसकों और टीम प्रबंधन को उम्मीद है कि राजस्थान के खिलाफ वे फिर से उसी ऊर्जा के साथ मैदान पर उतरेंगे।


