IPL 2026 प्लेऑफ का ऐलान, फाइनल वेन्यू बदला—अब अहमदाबाद में होगा खिताबी मुकाबला

0

नई दिल्ली : भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने बुधवार (6 मई) को इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के प्लेऑफ शेड्यूल का ऐलान कर दिया है, जिसके साथ ही टूर्नामेंट अब अपने सबसे अहम और रोमांचक दौर में पहुंच गया है। 70 लीग मैचों के बाद अब शीर्ष टीमों के बीच खिताब के लिए कड़ी टक्कर देखने को मिलेगी। इस बार क्वालिफायर-1 से लेकर फाइनल तक के मुकाबले धर्मशाला, न्यू चंडीगढ़ और अहमदाबाद में खेले जाएंगे। टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 31 मई को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आयोजित होगा, जिसके साथ आईपीएल 2026 का समापन होगा।

बीसीसीआई सचिव देवाजीत सैकिया की ओर से जारी बयान के मुताबिक, आईपीएल 2026 अब अपने निर्णायक दौर में प्रवेश कर रहा है। अब तक हुए लीग मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन और सांसें थाम देने वाले पल देखने को मिले। इसके साथ ही आईपीएल का एक और रोमांचक सीजन अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच गया है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार बयान में कहा गया, अहमदाबाद का नरेंद्र मोदी स्टेडियम दुनिया का सबसे बड़ा क्रिकेट स्टेडियम है।

कुछ संचालन और लॉजिस्टिक कारणों के चलते इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के प्लेऑफ मुकाबलों को इस बार एक विशेष योजना के तहत तीन अलग-अलग स्टेडियमों में आयोजित करने का फैसला लिया गया है। शुरुआत में फाइनल की मेजबानी बेंगलुरु को दी गई थी, लेकिन बाद में इसमें बदलाव करना पड़ा। दरअसल, स्थानीय क्रिकेट संघ और पदाधिकारियों की कुछ मांगें भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के निर्धारित नियमों और प्रोटोकॉल के अनुरूप नहीं थीं। इसी कारण फाइनल मुकाबले का वेन्यू बदलते हुए इसे दूसरे स्टेडियम में स्थानांतरित कर दिया गया।

आईपीएल 2026 के प्लेऑफ का शेड्यूल
  • क्वालिफायर 1: 26 मई 2026: हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम, धर्मशाला।
  • एलिमिनेटर: 27 मई 2026: न्यू इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम, न्यू चंडीगढ़।
  • क्वालिफायर 2: 29 मई 2026: न्यू इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम, न्यू चंडीगढ़।
  • फाइनल: 31 मई 2026: नरेंद्र मोदी स्टेडियम, अहमदाबाद।
कौन-कौन टीमें खेलेंगी प्लेऑफ मुकाबले
  • क्वालिफायर 1: इस मैच में IPL 2026 की अंक तालिका की शीर्ष दो टीमें आमने-सामने होंगी। इस मैच में जीतने वाली टीम को सीधे फाइनल में जगह मिलेगी। इसके बाद एलिमिनेटर और क्वालिफायर 2 के मुकाबले न्यू चंडीगढ़ के न्यू इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में होंगे।
  • एलिमिनेटर: इस मैच में आईपीएल 2026 की पॉइंट्स टेबल में तीसरे और चौथे स्थान पर मौजूद टीमें भिड़ेंगी।
  • क्वालिफायर 2: इस मैच में क्वालिफायर 1 में हारने वाली टीम का सामना एलिमिनेटर जीतने वाली टीम से होगा। इस मैच से ही फाइनल में पहुंचने वाली दूसरी टीम का फैसला होगा।
  • फाइनल: क्वालिफायर 1 और क्वालिफायर 2 में जीतने वाली टीमें आपस में भिड़ेंगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here