IPL 2026: जसप्रीत बुमराह की लय पर सवाल, क्या चोट बनी वजह?

0

नई दिल्ली : इंडियन प्रीमियर लीग 2026 (IPL 2026) में जसप्रीत बुमराह फिलहाल खराब फॉर्म से गुजर रहे हैं और पांच मैचों में एक भी विकेट हासिल नहीं कर सके हैं। अपने करियर में ऐसा दौर कम ही देखने को मिला है, जिससे उनके प्रदर्शन पर सवाल उठ रहे हैं। ऐसे में यह भी चर्चा है कि कहीं उनके संघर्ष की वजह चोट तो नहीं है। मुंबई इंडियंस के मुख्य कोच महेला जयवर्धने ने पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच के बाद बुमराह का बचाव करते हुए बताया कि उन्हें टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दौरान मामूली चोट लगी थी और उसी के साथ उन्होंने आईपीएल 2026 की शुरुआत में टीम के लिए खेलना जारी रखा।

बुमराह ने पंजाब किंग्स के खिलाफ चार ओवरों में 41 रन लुटाए। अन्य गेंदबाजों के खराब प्रदर्शन के कारण पंजाब किंग्स ने गुरुवार (16 अप्रैल) को वानखेड़े में 196 रन का लक्ष्य 21 गेंद और सात विकेट शेष रहते हुए हासिल कर लिया। जयवर्धने ने मैच के बाद पत्रकारों से कहा, ‘बुमराह अच्छी गेंदबाजी कर रहे हैं। बस पावरप्ले में हम विरोधी टीमों पर दबाव नहीं बना पा रहे हैं। विपक्षी टीम जानती है कि बुमराह के खिलाफ ज्यादा जोखिम लेने की जरूरत नहीं है। हमने कुछ अलग-अलग तरीके आजमाए हैं। विरोधी टीम में ऐसे तरीके आजमा रही हैं, लेकिन वे अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं। मैं किसी एक चीज पर उंगली नहीं उठा सकता और यह नहीं कह सकता कि उन्होंने विकेट नहीं लिया है।’

चोटिल थे बुमराह

श्रीलंका के पूर्व कप्तान ने खुलासा किया कि आईपीएल की शुरुआत में बुमराह मामूली रूप से चोटिल थे, लेकिन अब वह पूरी तरह ठीक हो गए हैं। उन्होंने कहा, ‘मुझे लगता है कि शुरुआत में ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि विश्व कप के दौरान उन्हें हल्की चोट लग गई थी। पिछले कुछ मैचों में उनकी गति में सुधार हुआ है। हमने इन सभी बातों को ध्यान रखा है, इसलिए वह काफी सहज महसूस कर रहे हैं। कभी-कभी किस्मत का साथ भी जरूरी होता है।’
गेंदबाजी यूनिट पूरी तरह नाकाम

हालांकि, महेला जयवर्धने ने स्वीकार किया कि टीम की गेंदबाजी इकाई सामूहिक रूप से प्रभावी प्रदर्शन नहीं कर पाई है और विरोधी टीमों पर दबाव बनाने में नाकाम रही है। उन्होंने कहा, “एक गेंदबाजी इकाई के रूप में हम अलग-अलग पिचों पर मिलकर अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सके हैं और यह एक ऐसा क्षेत्र है, जिस पर हमें सुधार करने की जरूरत है।”

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here