नई दिल्ली : राजस्थान रॉयल्स ने आईपीएल 2026 की मिनी नीलामी में 9 खिलाड़ियों को खरीदा, जबकि रविंद्र जडेजा और सैम करन को चेन्नई सुपर किंग्स से और डोवोन फरेरा को दिल्ली कैपिटल्स से ट्रेड किया गया। इस नीलामी में राजस्थान ने स्पिनर रवि बिश्नोई को सबसे महंगे खिलाड़ी के रूप में 7.20 करोड़ रुपये में अपने साथ जोड़ा। इन जोड़-तोड़ के बाद राजस्थान रॉयल्स के स्क्वाड में कुल 23 खिलाड़ी शामिल हो चुके हैं, जो आईपीएल 2026 में टीम के लिए मैदान पर दमखम दिखाते नजर आएंगे।
राजस्थान रॉयल्स की टीम आईपीएल 2026 के लिए काफी मजबूत और संतुलित नजर आ रही है। बल्लेबाजी क्रम में यशस्वी जायसवाल, वैभव सूर्यवंशी, शिमरोन हेटमायर और ध्रुव जुरेल जैसे खिलाड़ी टीम को मजबूती देते हैं। वहीं ऑलराउंडर्स के तौर पर सैम करन और रविंद्र जडेजा जैसे अनुभवी नाम मौजूद हैं, जो बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में योगदान देने में सक्षम हैं। गेंदबाजी विभाग में जोफ्रा आर्चर, संदीप शर्मा और तुषार देशपांडे जैसे घातक गेंदबाज टीम की धार को और तेज बनाते हैं।
वैभव–यशस्वी से हो सकती है पारी की शुरुआत
अब सवाल यह है कि आईपीएल 2026 के लिए राजस्थान रॉयल्स की सबसे बेहतरीन प्लेइंग इलेवन क्या हो सकती है। अगले सीजन में राजस्थान के लिए यशस्वी जायसवाल के साथ एक बार फिर वैभव सूर्यवंशी ओपनिंग करते नजर आ सकते हैं। वहीं तीसरे नंबर पर रियान पराग को मौका मिल सकता है, जिन्होंने आईपीएल 2025 में इस टीम के लिए कुछ मैचों में कप्तानी भी संभाली थी।
राजस्थान रॉयल्स के बल्लेबाजी क्रम में चौथे नंबर पर विकेटकीपर ध्रुव जुरेल खेल सकते हैं, जबकि पांचवें नंबर पर रविंद्र जडेजा नजर आ सकते हैं। इसके बाद शिमरोन हेटमायर और सैम करन टीम की पारी को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभा सकते हैं। गेंदबाजी विभाग में जोफ्रा आर्चर, संदीप शर्मा, रवि बिश्नोई और तुषार देशपांडे शामिल होंगे, वहीं सैम करन और जडेजा टीम को अतिरिक्त गेंदबाजी विकल्प भी उपलब्ध कराएंगे। टीम में इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में डोवोन फरेरा या नांद्रे बर्गर को चुना जा सकता है।
आईपीएल 2026 के लिए राजस्थान की बेस्ट प्लेइंग इलेवन
यशस्वी जायसवाल, वैभव सूर्यवंशी, रियान पराग, ध्रुव जुरेल, रविंद्र जडेजा, शिमरोन हेटमायर, सैम करन, जोफ्रा आर्चर, संदीप शर्मा, रवि बिश्नोई, तुषार देशपांडे।
इम्पैक्ट प्लेयर- डोवोवन फरेरा/नांद्रे बर्गर
आईपीएल 2026 के लिए राजस्थान की टीम
शुभम दुबे, वैभव सूर्यवंशी, लुआन-ड्रे प्रीटोरियस, शिमरोन हेटमायर, यशस्वी जायसवाल, ध्रुव जुरेल, रियान पराग, युद्धवीर सिंह चरक, जोफ्रा आर्चर, तुषार देशपांडे, क्वेना मफाका, नांद्रे बर्गर, रविंद्र जड़ेजा, सैम करन डोनोवन फरेरा, रवि बिश्नोई, रवि सिंह, सुशांत मिश्रा, विग्नेश पुथुर, यशराज पुंजा, अमन राव, ब्रिजेश शर्मा, कुलदीप सेन, एडम मिलने।
आईपीएल 2026 मिनी नीलामी: राजस्थान के नए खिलाड़ी
रवि बिश्नोई (7.20 करोड़), रवि सिंह (95 लाख), सुशांत मिश्रा (90 लाख), विग्नेश पुथुर (30 लाख), यशराज पुंजा (30 लाख), अमन राव (30 लाख), ब्रिजेश शर्मा (30 लाख), कुलदीप सेन (75 लाख), एडम मिलने (2.40 करोड़)।


