जडेजा और सुंदर की जुझारू पारियों से भारत ने बचाया मैनचेस्टर टेस्ट

0

मैनचेस्टर।भारत और इंग्लैंड के बीच ओल्ड ट्रैफर्ड मैदान पर खेला गया चौथा टेस्ट मुकाबला ड्रॉ पर समाप्त हुआ, लेकिन यह मैच भारत के लिए कई मायनों में ऐतिहासिक बन गया। इंग्लैंड ने पहली पारी में धमाकेदार बल्लेबाज़ी करते हुए 669 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया और भारत पर 311 रनों की बड़ी बढ़त बना ली। ऐसे में भारत के लिए यह मुकाबला बचाना किसी अग्निपरीक्षा से कम नहीं था, खासकर तब जब दूसरी पारी की शुरुआत में ही टीम को पहले ओवर में दो बड़े झटके लग गए थे।

भारत की दूसरी पारी में यशस्वी जायसवाल और साई सुदर्शन खाता भी नहीं खोल पाए और पारी के पहले ही ओवर में आउट हो गए। टीम पर पारी से हार का खतरा गहराने लगा था। लेकिन तीसरे विकेट के लिए केएल राहुल और शुभमन गिल ने 188 रनों की साहसिक साझेदारी कर टीम को संभाला। इसके बाद जडेजा और सुंदर ने जिम्मेदारी अपने कंधों पर ली और इंग्लैंड के आक्रमण को पूरी तरह से बेअसर कर दिया। दोनों ने बेखौफ होकर बल्लेबाज़ी की और मैच को ड्रॉ की ओर मोड़ दिया।

रवींद्र जडेजा और वॉशिंगटन सुंदर की नाबाद शतकीय पारियों ने भारतीय पारी को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। जडेजा ने नाबाद 107 और सुंदर ने नाबाद 101 रन बनाए। दोनों के बीच हुई 203 रनों की साझेदारी ने इंग्लिश टीम को थका दिया और जीत की उम्मीदों को खत्म कर दिया। आखिरी दिन का खेल समाप्त होने तक भारत ने 143 ओवर में सिर्फ 4 विकेट खोकर 425 रन बना लिए थे और इंग्लैंड को जीत से दूर कर दिया।

हालांकि इस मैच से भारत को सिर्फ ड्रॉ से संतोष करना पड़ा और वह सीरीज़ में अब भी 1-2 से पीछे है। इंग्लैंड में टेस्ट सीरीज़ जीतने का भारत का सपना अब भी अधूरा है। पांचवां और अंतिम टेस्ट मैच भारत जीत भी जाता है, तो सीरीज़ 2-2 से बराबर होगी। लेकिन चौथे टेस्ट में जडेजा और सुंदर की जुझारू पारियों ने भारतीय टीम की जज़्बे और तकनीकी मजबूती का अद्भुत प्रदर्शन किया, जिससे यह टेस्ट मैच क्रिकेट प्रेमियों के लिए यादगार बन गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here