डेब्यू मैच में जमशेद आलम ने रचा इतिहास, 4 गेंदों में पूरी की हैट्रिक से आगे की उपलब्धि

0

नई दिल्ली : रेलवे के 23 वर्षीय दाएं हाथ के मीडियम पेसर जमशेद आलम का टी20 डेब्यू यादगार बन गया। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में सौराष्ट्र के खिलाफ खेलते हुए उन्होंने लगातार 4 गेंदों पर 4 विकेट झटककर इतिहास रच दिया। वह टी20 क्रिकेट में यह कारनामा करने वाले तीसरे भारतीय गेंदबाज बने, जबकि डेब्यू मैच में ऐसा करने वाले पहले गेंदबाज हैं। जमशेद ने अपनी घातक गेंदबाजी का सिलसिला जारी रखते हुए महज 9 गेंदों के भीतर 5 विकेट अपने नाम कर लिए।

इसके साथ ही वह पुरुषों के टी20 क्रिकेट में डेब्यू मैच में 5 विकेट लेने वाले छठे भारतीय खिलाड़ी भी बन गए। इंदौर में रेलवे द्वारा 5 विकेट पर 182 रन बनाने के बाद सौराष्ट्र की पारी के चौथे ओवर में आलम ने हार्विक देसाई, प्रेरक मांकड़, रुचिट अहीर और सम्मर गज्जर को आउट कर दिया। अपने अगले ओवर में सिद्धार्थ राणा का विकेट लेकर उन्होंने 5 विकेट पूरे किए, जिससे सौराष्ट्र का स्कोर 6 विकेट पर 30 रन हो गया।

38 रन देकर हासिल किए 5 विकेट

देसाई को ज़ुबैर अली ने कैच किया। इसके बाद आलम ने मांकड़ को बोल्ड किया, गज्जर और राणा को एलबीडब्ल्यू आउट किया और अहीर विकेट के पीछे कैच आउट हुए। सौराष्ट्र की टीम 8 विकेट पर 153 रन ही बना सकी और 29 रनों से हार गई। आलम ने अपने आखिरी ओवर में 17 रन दिए और 38 रन देकर 5 विकेट लिए।

मिथुन और नालकंडे के बाद जमशेद आलम ने दोहराया अनोखा रिकॉर्ड

आलम से पहले भारत के जिन खिलाड़ियों ने यह कारनामा किया है, उनमें कर्नाटक के अभिमन्यु मिथुन शामिल हैं। उन्होंने नवंबर 2019 में हरियाणा के खिलाफ 20वें ओवर में लगातार चार विकेट लिए थे। इसके बाद नवंबर 2021 में विदर्भ के दर्शन नालकंडे ने भी कर्नाटक के खिलाफ खेलते हुए ऐसा ही कारनामा दोहराया। ये दोनों ही कारनामे अपनी-अपनी पारियों के 20वें ओवर में हुए थे।

अफाक अफरीदी के खास क्लब में शामिल हुए जमशेद आलम

दुनिया भर में केवल अफाक अफरीदी ही ऐसे खिलाड़ी हैं जिन्होंने अपने टी20 डेब्यू मैच में लगातार चार गेंदों पर चार विकेट लिए हैं। अफरीदी ने यह कारनामा दिसंबर 2024 में पाकिस्तान की घरेलू टी20 प्रतियोगिता, ‘चैंपियंस टी20 कप’ में किया था। आलम ने उत्तर प्रदेश टी20 लीग में ‘मेरठ मेवरिक्स’ का प्रतिनिधित्व किया है। इसके अलावा, वह रेलवे की ओर से घरेलू अंडर-23 प्रतियोगिता ‘सीके नायडू ट्रॉफी’ का भी हिस्सा रहे हैं। साथ ही, इस साल की शुरुआत में उन्होंने टी20 मुंबई लीग’ में भी हिस्सा लिया था, जहां वे ‘आकाश टाइगर्स एमडब्ल्यूएस’ की टीम से खेले थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here