मियामी। Javier Mascherano ने इंटर मियामी के मुख्य कोच पद से इस्तीफा दे दिया है। क्लब को MLS कप जिताने के महज चार महीने बाद उन्होंने निजी कारणों का हवाला देते हुए यह फैसला लिया। क्लब ने मंगलवार को जारी बयान में कहा कि माशेरानो ने “व्यक्तिगत कारणों” से पद छोड़ने का निर्णय लिया है। उन्होंने न्यूयॉर्क रेड बुल्स के खिलाफ 2-2 से ड्रॉ मुकाबले के बाद शनिवार रात क्लब को अपने फैसले की जानकारी दी थी। माशेरानो ने अपने बयान में क्लब, स्टाफ और खिलाड़ियों का आभार जताते हुए कहा कि उनके साथ बिताए गए पल हमेशा यादगार रहेंगे। उन्होंने विशेष रूप से खिलाड़ियों को धन्यवाद दिया, जिनकी बदौलत टीम ने ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल कीं।
पूर्व अर्जेंटीना स्टार माशेरानो ने नवंबर 2024 में कोच की जिम्मेदारी संभाली थी और अपने पहले ही सीजन (2025) में इंटर मियामी को MLS कप जिताकर इतिहास रच दिया। इसके अलावा टीम ने कॉनकाकाफ चैंपियंस कप के सेमीफाइनल और लीग्स कप के फाइनल तक भी सफर तय किया। फिलहाल टीम 2026 सीजन में ईस्टर्न कॉन्फ्रेंस में तीसरे स्थान पर है, हालांकि हाल ही में चैंपियंस कप से बाहर हो गई थी। माशेरानो के इस्तीफे के बाद Guillermo Hoyos को अंतरिम मुख्य कोच बनाया गया है, जो अब तक क्लब के स्पोर्टिंग डायरेक्टर थे।


