एनएसटी न्यूज, भोपाल. भोपाल ज़िला स्तरीय अंतर महाविद्यालय महिला और पुरुष कुश्ती प्रतियोगिता सत्र 2025-26 का आयोजन जवाहरलाल नेहरू महाविद्यालय के अखाड़ा ट्रेनिंग स्कूल, भोइपुरा में संपन्न हुआ। यह दो दिवसीय प्रतियोगिता फ्री स्टाइल और ग्रिकोरोमन वर्ग में आयोजित की गई। प्रतियोगिता का शुभारंभ भोपाल नगर निगम की नेता प्रतिपक्ष एडवोकेट शबिस्ता आसिफ़ ज़की ने किया और उन्होंने पहलवानों को आशीर्वाद वचन प्रदान किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डा. वाई.पी. सिंह, अखाड़ा ट्रेनिंग स्कूल के सचिव नफीस कुरैशी, हेड ऑफ़ डिपार्टमेंट डा. अरुण कुमार पांडे, बरकतउल्ला विश्वविद्यालय के स्पोर्ट्स अधिकारी डा. रविंद्र कौशिक और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता का संचालन विश्वामित्र अवार्डी शाकिर नूर, अंतरराष्ट्रीय कुश्ती कोच फातिमा बानो और राष्ट्रीय रेफरी अब्दुल उमेर समेत अन्य विशेषज्ञों द्वारा निष्पक्ष तरीके से किया गया। पहलवानों ने पुरुष और महिला वर्ग में बेहतरीन प्रदर्शन किया। पुरुष फ्री स्टाइल में जवाहरलाल नेहरू महाविद्यालय के पहलवानों ने 61, 65, 70, 74, 86 और 97 किग्रा वज़न वर्ग में गोल्ड मेडल जीते। ग्रिकोरोमन वर्ग में भी जवाहरलाल नेहरू महाविद्यालय के पहलवानों ने 55, 63, 67, 72 और 97 किग्रा वज़न वर्ग में विजयी प्रदर्शन किया।
महिला फ्री स्टाइल वर्ग में भी जवाहरलाल नेहरू महाविद्यालय की पहलवानों ने दबदबा बनाया। 50, 53, 57, 65, 72 और 76 किग्रा वज़न वर्ग में उनका शानदार प्रदर्शन रहा। इसके अलावा बैरसिया और गांधी कॉलेज की महिला पहलवानों ने भी 59, 62 और 68 किग्रा वर्ग में पदक जीते। इस प्रतियोगिता ने छात्रों को न केवल खेल कौशल दिखाने का मंच दिया, बल्कि महाविद्यालय की खेल संस्कृति और युवा प्रतिभाओं के विकास को भी बढ़ावा दिया।

