विचारपुर के फुटबॉल खिलाड़ी जर्मनी से लौटे, साझा किया विश्वस्तरीय प्रशिक्षण का अनुभव

0

NST न्यूज़, भोपाल। मध्यप्रदेश के शहडोल जिले के विचारपुर गांव के फुटबॉल खिलाड़ियों का दल जर्मनी से आज लौट आया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ कार्यक्रम में इस टीम को ‘मिनी ब्राज़ील’ कहा था। खिलाड़ी और महिला प्रशिक्षक लक्ष्मी सहीस ने 4 से 12 अक्टूबर तक जर्मनी के प्रतिष्ठित FC Ingolstadt 04 क्लब में प्रशिक्षण लिया।

खिलाड़ियों ने बताया कि यह अनुभव उनके लिए बेहद खास और जीवन बदलने वाला रहा। जर्मन कोच डाइटमार बीयर्सडॉर्फ ने उन्हें फुटबॉल की नई तकनीकें, फिटनेस ट्रेनिंग, टीमवर्क और टैक्टिकल रणनीतियाँ सिखाईं। क्लब के स्किल्स-लैब एरीना और स्पोर्ट्स साइंस से जुड़ी सुविधाएं देखकर खिलाड़ी काफी प्रेरित हुए। प्रशिक्षण के दौरान उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों और कोचों के साथ काम करने का भी अवसर मिला।

खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने खिलाड़ियों के चयन, यात्रा और प्रशिक्षण के हर कदम में मदद की। विभाग के  सहयोग से ही ग्रामीण क्षेत्र के खिलाड़ियों को यह अनूठा अवसर मिल पाया। विभाग के अधिकारियों खेल संचालक राकेश गुप्ता और संयुक्त संचालक बी.एस. यादव ने एयरपोर्ट पर टीम का स्वागत किया।विचारपुर से चयनित खिलाड़ी सानिया कुंडे, सुहानी कोल, प्रीतम कुमार, वीरेंद्र बैगा और मनीष घसिया ने यात्रा और प्रशिक्षण अनुभव साझा करते हुए कहा कि यह अवसर उनके लिए सीखने और सुधारने का बड़ा मंच साबित हुआ।

मध्यप्रदेश के सहकारिता, खेल और युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग ने खिलाड़ियों को बधाई दी और कहा कि यह टीम प्रदेश के ग्रामीण अंचल की प्रतिभा और मेहनत का उदाहरण है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जर्मनी में मिले अनुभव से ये खिलाड़ी भविष्य में और ऊंचाइयों तक पहुंचेंगे। प्रधानमंत्री के ‘मिनी ब्राज़ील’ कहने वाले संदर्भ ने इस प्रशिक्षण कार्यक्रम को प्रेरणा दी और विचारपुर के खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर से जोड़ा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here