नई दिल्ली: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार बल्लेबाज और विश्व विजेता खिलाड़ी जेमिमा रोड्रिग्स ने एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। जेमिमा और स्मृति मंधाना के बीच गहरी मित्रता रही है और उन्हें हाल ही में स्मृति के प्री-वेडिंग सेलिब्रेशन में भी देखा गया था। स्मृति और पलाश मुच्छल की शादी टलने के बाद, जेमिमा ने महिला बिग बैश लीग (WBBL) के 11वें सीजन में वापसी करने से इंकार कर दिया। उनके इस निर्णय को फ्रेंचाइजी ब्रिसबेन हीट ने मंजूरी दी और इसकी आधिकारिक घोषणा की।
आपको बता दें कि विश्व कप के बाद जेमिमा ऑस्ट्रेलिया पहुंची थीं और उन्होंने ब्रिसबेन हीट के लिए तीन मुकाबले भी खेले थे। इसके बाद स्मृति मंधाना की शादी के लिए वह भारत आ गई थीं। लेकिन स्मृति के पिता की कथित तौर पर तबीयत खराब होने के कारण शादी अब टल गई है। लेकिन इसके बाद अब जेमिमा ने ऑस्ट्रेलिया नहीं लौटने का फैसला किया है। इसकी जानकारी उन्होंने अपनी फ्रेंचाइजी को दी है। जिसके बाद ब्रिसबेन हीट की तरफ से बयान जारी किया गया।
स्मृति का समर्थन करते हुए लिया गया बड़ा फैसला
ब्रिसबेन हीट ने बताया कि टीम ने जेमिमा को महिला बिग बैश लीग के मौजूदा सीजन के बचे हुए मुकाबलों से रिलीज कर दिया है। वह 10 दिन पहले टीम के होबार्ट हरीकेन्स के खिलाफ मैच के बाद अपनी टीममेट स्मृति मंधाना की शादी में शामिल होने के लिए भारत लौटी थीं। हालांकि, बाद में शादी की तैयारियां रुक गईं क्योंकि मंधाना के पिता की तबीयत खराब हो गई। जेमिमा रोड्रिग्स अब भारत में ही रहेंगी और अपनी टीममेट का समर्थन करेंगी। वह हीट के बचे हुए चार मैचों के लिए वापस नहीं लौटेंगी।
फ्रेंचाइजी के सीईओ टेरी स्वेनसन ने कहा कि यह समय जेमिमा के लिए काफी चुनौतीपूर्ण रहा है। दुर्भाग्यवश, वह WBBL के बचे हुए सीजन में हिस्सा नहीं ले पाएंगी। हम उनके निर्णय का सम्मान करते हैं और चाहते हैं कि वह भारत में रहें। हीट क्लब की ओर से हम उन्हें और स्मृति मंधाना के परिवार को भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हैं। जेमिमा ने हमें यह जानकारी दी कि वह वापस नहीं लौटेंगी और उन्होंने क्लब का धन्यवाद भी अदा किया। वह प्लेयर्स और टीम के खिलाड़ियों के साथ बचे हुए मैचों के लिए संपर्क में रहेंगी।
गौरतलब है कि इस साल की शुरुआत में जेमिमा रोड्रिग्स को ब्रिसबेन हीट ने अपनी टीम में शामिल किया था। वह विदेशी खिलाड़ियों में सबसे बड़ी बिड साबित हुई थीं। उन्होंने सीजन में टीम के लिए तीन मैच खेले और 6, 11 और 20 रन का योगदान दिया। पिछले सीजन की रनर-अप रही ब्रिसबेन हीट के लिए यह सीजन खास नहीं रहा, क्योंकि टीम ने छह में से सभी 6 मैच हार गए। वहीं स्मृति मंधाना भी इस लीग में पहले एडिलेड स्ट्राइकर्स और सिडनी थंडर के लिए खेल चुकी हैं, लेकिन इस सीजन उन्होंने हिस्सा नहीं लिया था।

