जितेश शर्मा ने विदर्भ को कहा अलविदा, नई टीम से खेलेंगे घरेलू क्रिकेट

0

नई दिल्ली: विदर्भ और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के विकेटकीपर जितेश शर्मा आगामी घरेलू सीजन में बड़ौदा की ओर से खेलते नजर आएंगे। 31 वर्षीय जितेश ने 2024-25 रणजी ट्रॉफी के दौरान विदर्भ के लिए एक भी मुकाबला नहीं खेला। ऐसा माना जा रहा है कि कप्तान और पहली पसंद के विकेटकीपर अक्षय वाडेकर की मौजूदगी के कारण उन्हें प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिल पाई, और संभवतः इसी वजह से उन्होंने टीम बदलने का फैसला किया। हालांकि, वह अभी भी करुण नायर की कप्तानी वाली विदर्भ की सीमित ओवरों की टीम का हिस्सा बने हुए हैं। इस फैसले से साफ है कि जितेश अब रेड-बॉल क्रिकेट में ज्यादा मौके की तलाश में हैं और एक नई शुरुआत करना चाहते हैं।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार जितेश के बड़ौदा ट्रांसफर होने की योजना पिछले कुछ समय से चल रही थी। माना जा रहा है कि बड़ौदा के कप्तान क्रुणाल पांड्या के साथ जितेश के घनिष्ठ संबंधों ने इस कदम को आसान बनाया। क्रुणाल पांड्या और जितेश शर्मा आईपीएल 2025 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के हिस्सा रहे। फ्रेंचाइजी के पहली बार आईपीएल खिताब जीतने में दोनों ने अहम भूमिका निभाई।

प्रथम श्रेणी क्रिकेट में मजबूत वापसी की तैयारी में जितेश शर्मा

बड़ौदा शिफ्ट होने से जितेश शर्मा को प्रथम श्रेणी क्रिकेट में खुद को एक नियमित खिलाड़ी के रूप में स्थापित करने का सुनहरा मौका मिल सकता है। 2015-16 में डेब्यू के बाद से जितेश पिछले दस सीजन में केवल 18 प्रथम श्रेणी मैचों में ही खेल पाए हैं। उनका औसत 24.48 का है। इसमें चार अर्धशतक शामिल हैं। उन्होंने पिछला प्रथम श्रेणी मैच लगभग 18 महीने पहले खेला था।

लिमिटेड ओवर्स क्रिकेट में चमके जितेश शर्मा

लाल गेंद वाले क्रिकेट में भले ही जितेश शर्मा को अब तक सीमित मौके मिले हों, लेकिन उन्होंने छोटे प्रारूपों में अपने प्रदर्शन से सभी का ध्यान खींचा है। 2023 में पंजाब किंग्स के लिए खेलने के बाद जितेश ने उसी वर्ष अक्टूबर में एशियन गेम्स के दौरान भारत के लिए टी20 में डेब्यू किया। उन्होंने 9 टी20 खेले हैं।इस साल की शुरुआत में जितेश ने आईपीएल 2025 में आरसीबी के लिए फिनिशर की भूमिका निभाई। इसमें लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ जरूरी जीत में अपना पहला अर्धशतक और नाबाद 85 रन की पारी शामिल है, जिससे टीम शीर्ष दो में रही। वह टीम के उपकप्तान थे। रजत पाटीदार के चोटिल होने पर उन्होंने कप्तान की भूमिका भी निभाई।

स्वप्निल सिंह ने बदली टीम, अब त्रिपुरा से खेलेंगे घरेलू क्रिकेट

जितेश शर्मा के आईपीएल टीम के साथी स्वप्निल सिंह ने आगामी घरेलू सीज़न के लिए त्रिपुरा की ओर से खेलने का फैसला किया है। स्वप्निल, जो आईपीएल 2022 मेगा ऑक्शन में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) द्वारा एकमात्र राइट टू मैच (RTM) खिलाड़ी के रूप में चुने गए थे, अब घरेलू स्तर पर नई शुरुआत करने जा रहे हैं। टीम बदलने का यह निर्णय उनके करियर को नई दिशा देने का संकेत माना जा रहा है। स्वप्निल ने आरसीबी के लिए एक भी मैच नहीं खेला और आखिरी बार 2024-25 में उत्तराखंड के लिए घरेलू क्रिकेट खेले थे। उन्होंने रणजी ट्रॉफी के दौरान पांच मैचों में 18 विकेट लिए थे। सफेद गेंद के क्रिकेट में उनके आंकड़े मामूली रहे। चेन्नई में क्लब क्रिकेट में नियमित रूप से खेलने वाले स्वप्निल हाल ही में तमिलनाडु प्रीमियर लीग 2025 में चेपक सुपर गिलीज का हिस्सा थे। उन्होंने आठ मैचों में तीन विकेट लिए और बल्ले से आठ मैचों में 85 रन बनाए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here