नई दिल्ली : टी20 विश्व कप 2026 की शुरुआत से पहले ही ऑस्ट्रेलिया की टीम बैकफुट पर नजर आ रही है। मिचेल मार्श की अगुआई में कंगारुओं का तेज गेंदबाजी आक्रमण कमजोर पड़ गया है। पैट कमिंस के बाद अब चोट के चलते जोश हेजलवुड भी टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। मिचेल स्टार्क पहले ही टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं, ऐसे में कमिंस के बाद हेजलवुड का चोटिल होना ऑस्ट्रेलिया के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।
जोश हेजलवुड को 12 नवंबर को ऑस्ट्रेलिया के घरेलू टूर्नामेंट शैफिल्ड शील्ड में हैमस्ट्रिंग की दिक्कत हुई थी। इसके बाद से वह एक भी मैच नहीं खेले हैं। एशेज सीरीज में भी वह नहीं खेले थे। टी20 वर्ल्ड कप के लिए ऑस्ट्रेलिया की टीम इस हफ्ते श्रीलंका पहुंची तब हेजलवुड सिडनी में ही थे। कोलंबो में आयरलैंड के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया के पहले मैच से सिर्फ पांच दिन पहले चयनकर्ता टोनी डोडमाइड ने कहा कि 35 साल का खिलाड़ी समय पर फिट नहीं हो पाएगा।
हेजलवुड बाहर, लेकिन रिप्लेसमेंट पर सस्पेंस बरकरार
ऑस्ट्रेलिया को उम्मीद थी कि जोश हेजलवुड टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 स्टेज तक खेलने के लिए तैयार होंगे, लेकिन उन्हें फिट होने में और समय लगेगा। ऑस्ट्रेलिया ने हेजलवुड के रिप्लेसमेंट का भी ऐलान नहीं किया है। टोनी डोडमाइड ने कहा कि फिलहाल हेजलवुड की जगह किसी अन्य खिलाड़ी को टीम में शामिल नहीं किया जाएगा। आगे जरूरत को देखते हुए फैसला लिया जाएगा।
टी20 विश्व कप: शॉन एबॉट ट्रैवलिंग रिज़र्व में शामिल
ऑस्ट्रेलिया के स्क्वाड में इस समय दाएं हाथ के तेज गेंदबाज जेवियर बार्टलेट और बाएं हाथ के गेंदबाज बेन ड्वार्शियस ही पूरी तरह फिट प्रमुख पेसर हैं। शॉन एबॉट को ट्रैवलिंग रिजर्व के तौर पर शामिल किया गया है और जरूरत पड़ने पर उन्हें जोश हेजलवुड की जगह टीम में जोड़ा जा सकता है। वहीं नाथन एलिस हैमस्ट्रिंग की चोट से उबरकर फिटनेस के करीब हैं, हालांकि 11 फरवरी को होने वाले टूर्नामेंट के पहले मुकाबले में उनके खेलने को लेकर अभी भी संदेह बना हुआ है। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के बयान के अनुसार एलिस और स्टार बल्लेबाज टिम डेविड दोनों ही ग्रुप स्टेज के मुकाबलों के लिए उपलब्ध होने की राह पर हैं। इसके अलावा लेग स्पिनर एडम जम्पा को आयरलैंड के खिलाफ मैच के लिए फिट घोषित कर दिया गया है।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए ऑस्ट्रेलिया का स्क्वाड
मिचेल मार्श (कप्तान), जेवियर बार्टलेट, कूपर कॉनोली, टिम डेविड, बेन ड्वारशुइस, कैमरन ग्रीन, नाथन एलिस, ट्रैविस हेड, जोश इंग्लिस, मैथ्यू कुह्नमैन, ग्लेन मैक्सवेल, मैथ्यू रेनशॉ, मार्कस स्टोइनिस, एडम जम्पा।

