सिर्फ 7 मैचों में खत्म हुआ सफर: 44 दिन में कोच की छुट्टी, 25 करोड़ की सैलरी भी नहीं बचा सकी नौकरी

0

नई दिल्ली : इंडियन प्रीमियर लीग का नया सीजन शुरू हो चुका है, जिसमें खिलाड़ियों के साथ-साथ सभी 10 टीमों के कोच के लिए भी यह एक बड़ी परीक्षा है। टीम के प्रदर्शन पर ही कोच का भविष्य काफी हद तक निर्भर करता है। हालांकि, खराब प्रदर्शन के बावजूद आईपीएल में बीच सीजन में किसी कोच को हटाए जाने की संभावना बहुत कम होती है, खासकर सिर्फ 7 मैचों के बाद तो बिल्कुल नहीं। लेकिन दुनियाभर की फुटबॉल लीग्स में ऐसा अक्सर देखने को मिलता है। इसका ताजा उदाहरण इंग्लैंड में देखने को मिला, जहां प्रीमियर लीग क्लब टॉटनहम हॉटस्पर ने महज 44 दिनों के भीतर अपने कोच को पद से हटा दिया।

फरवरी में बने कोच, जल्द ही गंवाया पद

रविवार 29 मार्च को इंग्लैंड की राजधानी लंदन के मशहूर फुटबॉल क्लब स्पर्स ने अपने कोच (मैनेजर) इगोर ट्यूडर को हटाने का ऐलान किया. इगोर को पिछले महीने यानि फरवरी में ही क्लब की मेंस टीम का मैनेजर नियुक्त किया गया था लेकिन मौजूदा प्रीमियर लीग सीजन के 5 मुकाबलों समेत कुल 7 मैचों में क्लब की कमान संभालने के बाद ही ट्यूडर को हटा दिया गया.

क्रोएशियाई कोच ट्यूडर को ये जिम्मेदारी पूर्व मैनेजर थॉमस फ्रैंक की जगह मिली थी, जिन्हें फरवरी में ही इस नौकरी से निकाल दिया गया था. जहां फ्रैंक को 9 महीने में ही क्लब ने बर्खास्त कर दिया, वहीं ट्यूडर 9 हफ्ते या 9 मैच भी नहीं टिक पाए. ट्यूडर को सीजन खत्म होने तक के लिए ही नियुक्त किया गया था और उम्मीद थी कि टीम का प्रदर्शन सुधरने पर उन्हें अगले पूरे सीजन के लिए भी क्लब की जिम्मेदारी दी जाएगी लेकिन ऐसा नहीं हो पाया.

टीम को संभालने में नाकाम रहे ट्यूडर

ट्यूडर के कार्यकाल में स्पर्स ने सभी प्रतियोगिताओं में कुल 7 मुकाबले खेले, लेकिन टीम को सिर्फ चैंपियंस लीग के एक मैच में ही जीत नसीब हुई। प्रीमियर लीग में स्थिति और भी खराब रही, जहां 5 में से 4 मैचों में हार का सामना करना पड़ा, जबकि एक मुकाबला ड्रॉ रहा। नॉटिंघम फॉरेस्ट के खिलाफ 0-3 की करारी हार के बाद ही उन्हें हटाने का फैसला कर लिया गया। इस हार के साथ स्पर्स अंक तालिका में 17वें स्थान पर खिसक गई और रेलिगेशन जोन से सिर्फ एक अंक दूर पहुंच गई।

ऐसे में क्लब ने रेलिगेशन के खतरे से बचने के लिए इगोर ट्यूडर के साथ-साथ उनके सहायक कोचिंग स्टाफ को भी पद से हटा दिया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, ट्यूडर को क्लब ने करीब 2 मिलियन पाउंड (बोनस सहित), यानी लगभग 25 करोड़ रुपये के कॉन्ट्रैक्ट पर नियुक्त किया था। अब टीम का अगला कोच कौन होगा, इसे लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है और सभी की नजरें क्लब मैनेजमेंट के फैसले पर टिकी हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here