मियामी। फीफा विश्व कप 2026 के राउंड ऑफ-32 में इंग्लैंड, बेल्जियम और अमेरिका ने शानदार जीत दर्ज कर प्री-क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली। इंग्लैंड ने कप्तान हैरी केन के दो गोल की बदौलत कांगो डीआर को 2-1 से हराया। केन अब विश्व कप में 13 गोल कर फ्रांस के जस्ट फोंटेन की बराबरी पर पहुंच गए हैं और ब्राजील के महान पेले (12 गोल) को पीछे छोड़ चुके हैं। इंग्लैंड ने पहली बार विश्व कप में हाफ टाइम तक पिछड़ने के बाद मुकाबला जीतने का कारनामा भी किया।
बेल्जियम ने टूर्नामेंट की सबसे रोमांचक जीत दर्ज करते हुए सेनेगल को 3-2 से हराया। टीम 0-2 से पिछड़ने के बाद वापसी करने में सफल रही। कप्तान यूरी टिलेमंस ने 120+5वें मिनट में विजयी गोल दागा, जो विश्व कप इतिहास का सबसे देर से किया गया निर्णायक गोल बन गया। यह इस विश्व कप की 11वीं कमबैक जीत भी रही, जो किसी एक विश्व कप में सर्वाधिक है।
अमेरिका ने 10 खिलाड़ियों के साथ खेलते हुए बोस्निया और हर्जेगोविना को 2-0 से हराया और 2002 के बाद पहली बार विश्व कप के नॉकआउट मुकाबले में जीत हासिल की। मालिक टिलमैन ने 32 साल बाद अमेरिका के लिए विश्व कप में सीधे फ्री-किक से गोल किया। वहीं, फोलारिन बालोगुन ने गोल करने के बाद रेड कार्ड भी देखा। अमेरिका ने इस विश्व कप में अब तक सेट-पीस से सबसे अधिक चार गोल किए हैं। अब प्री-क्वार्टर फाइनल में इंग्लैंड का मुकाबला मेक्सिको से होगा, जबकि बेल्जियम और अमेरिका भी खिताब की दौड़ में आगे बढ़ चुके हैं। नॉकआउट चरण में लगातार हो रहे उलटफेर और रिकॉर्ड टूर्नामेंट को और रोमांचक बना रहे हैं।


