कीनिया के मवानिकी, कसाइत ने टीसीएस विश्व 10के दौड़ में अव्वल रहे

0

बेंगलुरु.
कीनिया के पीटर मवानिकी और लिलियन कसाइत ने रविवार को यहां 16वें टीसीएस विश्व 10के में क्रमश: पुरुष और महिला वर्ग का खिताब जीता। मवानिकी ने शुरुआती से अपनी बढ़त बनाये रखते हुए 28 मिनट और 15 सेकेंड के समय के साथ जीत दर्ज की जबकि हमवतन हिलेरी चेपक्वोनी (28:33) दूसरे स्थान पर रहे। सत्रह साल के हागोस आइओब (28:39) ने तीसरा स्थान हासिल कर प्रभावित किया।

अंतरराष्ट्रीय एलीट महिला वर्ग में कसाइत एक समय आइरीन चैप्टाई (30:35) के इस स्पर्धा के रिकॉर्ड को तोड़ने की ओर बढ़ रही थी लेकिन वह आखिरी क्षणों में अपनी गति गवां बैठी। उन्होंने 30:56 मिनट के समय के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया। क्युलेट अचोल (31:17) और लेमलेम हैलु (31:23) क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे।

मवानिकी और कसाइत दोनों को पुरस्कार के तौर पर 26000 डॉलर (लगभग 21.38 लाख रुपये) की राशि मिली। भारतीय एलीट एथलीटों की दौड़ में किरण मात्रे ने पहला स्थान हासिल किया और 29:32 के समय के साथ स्पर्धा का नया रिकॉर्ड कायम किया। पिछला रिकॉर्ड 29:49 मिनट का सुरेश कुमार के नाम था जिन्होंने 2015 में इसे बनाया था।

रणजीत कुमार पटेल (29:35) और धर्मेंद्र (29:45) क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे। इसी महिला वर्ग स्पर्धा की रिकॉर्डधारी संजीवनी ने 34:03 के समय के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया। उनके बाद लिली दास (34:13) दूसरे जबकि प्रीनु यादव 34:24 के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here