एनएसटी न्यूज, भोपाल। एलएनसीटी कॉलेज, रायसेन रोड भोपाल के खेल मैदान में शनिवार को खेलो इंडिया “अस्मिता रग्बी लीग” का शुभारंभ हुआ। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य महिला खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देना और खेलों में उनकी सक्रिय भागीदारी बढ़ाना है। यह आयोजन खेलो इंडिया और स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया की पहल के तहत किया जा रहा है। उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. वी. के. साहू, प्राचार्य एलएनसीटी भोपाल, मौजूद थे। उनके साथ डॉ. अंजलि तिवारी, विभागाध्यक्ष, भौतिकी विभाग, डॉ. लायज़ा कुरुप, प्रोफेसर, कंप्यूटर साइंस, अबरार अहमद शेख, सचिव रग्बी फुटबॉल एसोसिएशन मध्य प्रदेश, और पंकज कुमार जैन, खेल निदेशक एलएनसीटी भोपाल एवं कोषाध्यक्ष रग्बी फुटबॉल एसोसिएशन मध्य प्रदेश ने कार्यक्रम की शान बढ़ाई।
इस वर्ष लीग में कुल 33 टीमें भाग ले रही हैं। इनमें 11 टीमें अंडर-15, 8 टीमें अंडर-18 और 14 टीमें सीनियर वर्ग की शामिल हैं। बैतूल, मुलताई, नर्मदापुरम, रायसेन, सीहोर, इंदौर और भोपाल सहित विभिन्न जिलों से 400 से अधिक बालिका और महिला खिलाड़ी अपने कोचों और मैनेजरों के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा ले रही हैं। उद्घाटन के मौके पर डॉ. वी. के. साहू ने कहा कि यह लीग युवा खिलाड़ियों में उत्साह और आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ रग्बी को प्रदेश में नई पहचान देगी। रग्बी फुटबॉल एसोसिएशन के सचिव अबरार अहमद शेख ने बताया कि एलएनसीटी हमेशा से मध्य प्रदेश में रग्बी को बढ़ावा देने के लिए सक्रिय रहा है। यह प्रतियोगिता राज्य में रग्बी का पाँचवाँ संस्करण है और इस बार रिकॉर्ड 33 टीमों ने भाग लिया है।

