एनएसटी न्यूज, भोपाल। खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित खेलो एमपी यूथ गेम्स के अंतर्गत इस वर्ष खिलाड़ियों के साथ-साथ खेल संघों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से जूनियर वर्ग के खिलाड़ियों को विशेष महत्व दिया गया है। खेल विभाग के दिशा-निर्देशों के अनुसार कुश्ती प्रतियोगिताओं में बालक और बालिका वर्ग के खिलाड़ियों को भाग लेने का अवसर मिलेगा। खेलो एमपी यूथ गेम्स में कुश्ती के अंतर्गत बालक वर्ग में फ्री स्टाइल और ग्रीको रोमन तथा बालिका वर्ग में फ्री स्टाइल की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। तीनों श्रेणियों में कुल 30 वजन वर्गों में मुकाबले होंगे। बालक फ्री स्टाइल के वजन वर्ग 57, 61, 65, 70, 74, 79, 86, 92 और 125 किलोग्राम होंगे। बालक ग्रीको रोमन वर्ग में 55, 60, 63, 67, 72, 77, 82, 87, 97 और 130 किलोग्राम वजन वर्ग निर्धारित किए गए हैं। वहीं बालिका फ्री स्टाइल वर्ग में 50, 53, 55, 57, 59, 62, 65, 68, 72 और 76 किलोग्राम वजन वर्गों में प्रतियोगिता होगी।
प्रतियोगिता के लिए ऑनलाइन पंजीयन प्रदेश के सभी जिला खेल अधिकारियों के माध्यम से जिला खेल कार्यालयों में शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा। पंजीयन के लिए खिलाड़ियों को आधार कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र या 10वीं-12वीं की अंकसूची, मूल निवासी प्रमाण पत्र तथा एक पासपोर्ट साइज फोटो अनिवार्य रूप से जमा करना होगा। खेलो एमपी यूथ गेम्स में अधिक से अधिक खिलाड़ियों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिताएं 6 से 15 जनवरी, जिला स्तरीय 16 से 20 जनवरी तथा राज्य स्तरीय मुकाबले 28 से 31 जनवरी तक आयोजित किए जाने का प्रस्ताव है।
कुश्ती प्रतियोगिता में 18 से 20 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ी, जिनका जन्म वर्ष 2006, 2007 और 2008 है, सीधे भाग ले सकेंगे। वहीं 17 वर्ष आयु वर्ग (जन्म वर्ष 2009) के खिलाड़ियों के लिए मेडिकल प्रमाण पत्र या अभिभावक की सहमति अनिवार्य होगी। खेलो एमपी यूथ गेम्स के अंतर्गत आयोजित होने वाले इस कुश्ती महाकुंभ के सुचारु और निष्पक्ष संचालन की जिम्मेदारी प्रदेश के एकमात्र ओलंपियन एवं अर्जुन अवार्डी पप्पू यादव पहलवान को सौंपी गई है। प्रतियोगिता का संचालन मध्य प्रदेश एमेच्योर कुश्ती संघ के अधिकृत अधिकारियों द्वारा किया जाएगा।

