वॉटर प्रोजेक्शन और लेजर शो के साथ होगा खेलो एमपी यूथ गेम्स का भव्य शुभारंभ

0

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 13 जनवरी को भोपाल के बोट क्लब बड़े तालाब पर खेलो एमपी यूथ गेम्स का शुभारंभ करेंगे। रंगारंग कार्यक्रम में लेजर शो, आतिशबाजी और प्रसिद्ध कलाकारों की प्रस्तुतियां होंगी।

NST News, भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 13 जनवरी को शाम 6 बजे भोपाल के बोट क्लब बड़े तालाब स्थित वॉटर स्पोर्ट्स अकादमी में खेलो एमपी यूथ गेम्स का शुभारंभ करेंगे। उद्घाटन समारोह को भव्य और यादगार बनाने के लिए वॉटर प्रोजेक्शन, लेजर शो, आतिशबाजी के साथ बॉलीवुड गायिका शेफाली अल्वारेस और दिव्या कुमार की विशेष प्रस्तुति होगी।

खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने सोमवार को आयोजन स्थल पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया और पुलिस व जिला प्रशासन के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि यह आयोजन देश में पहली बार खेल विभाग और सभी मान्यता प्राप्त खेल संघों के संयुक्त समन्वय से किया जा रहा है। झीलों की नगरी भोपाल से प्रदेश के सबसे बड़े खेल महाकुंभ की शुरुआत होगी, जिसमें शहर के तालाबों की भव्यता को सजीव रूप में प्रस्तुत किया जाएगा।

मंत्री श्री सारंग ने बताया कि उद्घाटन समारोह में खेलो एमपी यूथ गेम्स का लोगो, टी-शर्ट, टॉर्च, एंथम और मैस्कॉट लॉन्च किया जाएगा। प्रतियोगिता 31 जनवरी तक चलेगी और इसे चार चरणों—विकासखंड, जिला, संभाग और राज्य स्तर पर आयोजित किया जाएगा। इसमें करीब डेढ़ लाख खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को आगे राज्य टीम चयन में प्राथमिकता दी जाएगी।

राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं 28 से 31 जनवरी तक आयोजित होंगी। विजेता खिलाड़ियों को लगभग 4 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी, जिसमें प्रथम पुरस्कार 31 हजार, द्वितीय 21 हजार और तृतीय पुरस्कार 11 हजार रुपये रहेगा। चयन प्रक्रिया 13 से 16 जनवरी तक ब्लॉक स्तर से शुरू होगी, इसके बाद जिला स्तर पर 16 से 20 जनवरी, संभाग स्तर पर 21 से 25 जनवरी और राज्य स्तर पर 28 से 31 जनवरी तक मुकाबले होंगे। खेलो एमपी यूथ गेम्स में कुल 28 खेलों की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनमें हॉकी, बॉक्सिंग, एथलेटिक्स, खो-खो, तैराकी, टेबल टेनिस, मल्लखंब, कुश्ती, जूडो, शतरंज, वेटलिफ्टिंग, फुटबॉल, वॉलीबॉल, क्रिकेट, बैडमिंटन, बास्केटबॉल, कबड्डी सहित अन्य खेल शामिल हैं।

राज्य स्तरीय मुकाबले भोपाल, इंदौर, उज्जैन, जबलपुर, रीवा, शिवपुरी, ग्वालियर, सागर और नर्मदापुरम में आयोजित किए जाएंगे। प्रदेश के 313 विकासखंडों से खिलाड़ी चयनित होंगे, जबकि राज्य स्तर पर 10 संभागों की टीमें हिस्सा लेंगी। मंत्री सारंग ने कहा कि खेलो एमपी यूथ गेम्स प्रदेश के उभरते खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा मंच देगा और मध्य प्रदेश को खेलों के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here