31.6 C
New Delhi
Saturday, March 14, 2026

KIUG 2025: संघर्षों की मिसाल पूजा: साधारण शुरुआत से असाधारण गोल्ड मेडल तक

जयपुर: बांस की पतरी, भूसे से भरे बोरे और कच्ची मिट्टी के मैदान पर शुरू हुई एक छोटी-सी कोशिश आज स्वर्ण पदक और राष्ट्रीय रिकॉर्ड की ऊँचाइयों में बदल चुकी है। हरियाणा के फतेहाबाद ज़िले के एक छोटे गांव में राजमिस्त्री के परिवार में जन्मी पूजा ने खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स 2025 में 1.77 मीटर की शानदार छलांग लगाकर न केवल गोल्ड अपने नाम किया, बल्कि यह भी दिखा दिया कि तंगी, कठिन हालात और सीमित सुविधाएँ किसी प्रतिभाशाली खिलाड़ी की प्रगति का रास्ता नहीं रोक सकतीं। परिस्थितियाँ कितनी भी कठिन क्यों न हों, जज़्बे और मजबूती वाले सपने हमेशा उड़ान पा ही लेते हैं।

खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स बना शानदार वापसी का सबसे बड़ा मंच

पूजा की यह जीत सिर्फ एक पदक नहीं, बल्कि हिम्मत और अटूट विश्वास की प्रेरणादायी कहानी है। पूजा ने तीन दिसंबर 2025 को जब जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में आखिरी सफल छलांग लगाई, तो मैदान तालियों की गूंज से भर उठा। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार यह पूजा की चोट के बाद पहली प्रतियोगिता थी। पिछले करीब पांच महीनों से वह टखने की गंभीर चोट से जूझ रही थीं। चोट के कारण पूजा की ट्रेनिंग और लगातार बढ़ती लय पर ब्रेक लगा दिया था। ऐसे में खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स 2025 उनके लिए सिर्फ एक टूर्नामेंट नहीं, बल्कि खुद को दोबारा साबित करने का मंच बन गया।

चोट से संघर्ष, हौसले से विजय

पूजा पहले ही इतिहास रच चुकी हैं। पूजा इस साल की शुरुआत में बॉबी एलॉयसियस (Bobby Aloysius) के बाद एशियन हाई जम्प चैंपियन बनने वाली दूसरी भारतीय महिला बनीं थीं। पूजा ने तब 1.89 मीटर की छलांग के साथ पर्सनल बेस्ट भी बनाया था। उसी शानदार फॉर्म के बाद उन्हें चोट ने रोक दिया, लेकिन खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स में वापसी ने साफ किया कि उनका जज्बा अब भी उतना ही मजबूत है।

बांस की पटरी से आसमान तक: एक सपने की ऊँची उड़ान

पूजा की कामयाबी की शुरुआत बेहद साधारण परिस्थितियों से हुई। फतेहाबाद के बोस्टन गाँव में उनके पहले कोच बलवान पात्रा की छोटी-सी अकादमी में न आधुनिक ट्रैक था और न ही किसी तरह की उन्नत सुविधाएँ। वहाँ ऊँची कूद के लिए बांस की पटरी को बार की तरह लगाया जाता था और चावल के भूसे से भरे बोरे ही लैंडिंग पिट का काम करते थे। इन्हीं सीमित साधनों के बीच पूजा ने अपने सपनों को दिशा दी और हर दिन खुद को पहले से बेहतर बनाने का संकल्प लेकर अभ्यास जारी रखा।

पहले प्रयास में इतिहास: मीट रिकॉर्ड ध्वस्त

पूजा ने लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (Lovely Professional University) का प्रतिनिधित्व करते हुए खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स 2025 में हिस्सा लिया। इस प्रतियोगिता में उनका लक्ष्य अपने 1.89 मीटर के पर्सनल बेस्ट को फिर से हासिल करना था। भले ही वह इस ऊँचाई को पार नहीं कर सकीं, लेकिन 1.77 मीटर की कूद ने नया मीट रिकॉर्ड कायम कर दिया और उन्हें स्वर्ण पदक जीतने में कोई कमी नहीं छोड़ी।

गोल्ड जीतने के बाद पूजा की आवाज में संतोष और आत्मविश्वास दोनों झलक रहे थे। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार पूजा ने कहा, ‘मैं यहां अपना पर्सनल बेस्ट से आगे निकलने की कोशिश कर रही थी, लेकिन फिर भी मैं मीट रिकॉर्ड तोड़कर और गोल्ड मेडल जीतकर खुश हूं। पांच महीने पहले टखने में चोट लगने के बाद यह मेरी पहली प्रतियोगिता थी। मैं इस टूर्नामेंट में खुद को परखना चाहती थी।’

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार KIUG 2025 में अपने अनुभव को साझा करते हुए पूजा ने बताया, “यह मेरा पहला खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स रहा और यहाँ गोल्ड जीतकर मुझे बहुत खुशी हुई। यहाँ की सुविधाएँ अंतरराष्ट्रीय स्तर की हैं। अन्य प्रतियोगिताओं की तरह यहाँ खिलाड़ियों को यात्रा या लॉजिस्टिक से जुड़ी परेशानियाँ नहीं झेलनी पड़तीं, जिसकी वजह से हम अपना पूरा ध्यान सिर्फ अपने इवेंट पर लगाने में सक्षम होते हैं।”

अगला लक्ष्य: 2026 एशियन गेम्स

अपने रिहैबिलिटेशन और लॉन्ग-टर्म डेवलपमेंट प्लान के लिए पूजा हाल ही में बेंगलुरु में अंजू बॉबी जॉर्ज एकेडमी में शामिल हुई हैं। साल 2023 में हांग्झू एशियाई खेलों में 1.80 मीटर जम्प के साथ छठे स्थान पर रहने के बाद, पूजा अब अपने KIUG परफॉर्मेंस को एक जरूरी रीस्टार्ट और 2026 एशियन गेम्स में अपनी जगह पक्की करने की दिशा में एक कदम के तौर पर देखती हैं।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार पूजा का कहना है, “मेरा पूरा ध्यान अब 2026 एशियन गेम्स पर है। चोट की वजह से करीब पांच महीनों तक तैयारी बाधित रही, लेकिन जैसे ही मैं फिर से प्रतियोगिता की लय में लौटी हूँ, मेरा लक्ष्य हर तरह के distractions से दूर रहकर पूरी एकाग्रता के साथ अपनी ट्रेनिंग को समर्पित करना है।”

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

15,780FansLike
2,290FollowersFollow
5,445SubscribersSubscribe

Latest Articles