नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 12वें सीजन (IPL 2019) में अपने पहले तीनों मैच गंवा चुकी राजस्थान रॉयल्स और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की टीमें मंगलवार (2 अप्रैल) को जब आमने-सामने होंगी तो एक टीम का खाता खुलना तय है। राजस्थान और बैंगलोर इस समय आईपीएल 12 की फिसड्डी टीमें हैं। राजस्थान सातवें और बैंगलोर आठवें स्थान पर हैं। पिछले मैचों में दोनों टीमों को हार का सामना करना पड़ा था।
राजस्थान को अब तक किंग्स इलेवन पंजाब से 14 रन से, सनराइजर्स हैदराबाद से 5 विकेट से और चेन्नई सुपरकिंग्स से आठ रन से हार का सामना करना पड़ा था। वहीं, बैंगलोर को चेन्नई से 7 विकेट से, मुंबई इंडियंस से 6 विकेट से और हैदराबाद से 118 रन से हार का सामना करना पड़ा था। दोनों ही टीमों के साथ समस्या है कि उनकी गेंदबाजी और बल्लेबाजी दोनों ही निराश कर रही है जबकि दोनों के पास स्टार खिलाड़ियों की कोई कमी नहीं है। भारतीय कप्तान और दुनिया के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज विराट कोहली बैंगलोर टीम के कप्तान हैं, लेकिन वह भी अपनी टीम को प्रेरित नहीं कर पा रहे हैं।
विराट ने कहा था- अगला मैच होगा महत्वपूर्ण
हैदराबाद से 118 रन की हार के बाद विराट ने कहा था, “यह हमारी अब तक की सबसे खराब हार है। हमने सभी विभागों में काफी खराब प्रदर्शन किया। इसके बावजूद हम निराश नहीं हैं। अभी हमारे पास 11 मैच बाकी हैं और हम चीजों को बदल सकते हैं। हमें राजस्थान के खिलाफ अगले मैच में बेहतर प्रदर्शन करना होगा। जब चीजें हमारे अनुकूल न जा रही हों तो हमें विजयी लय हासिल करने के तरीके ढूंढने होंगे। अगला मैच हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण होगा।”
Bold Army! Challengers are ready to play against the Royals in just a couple of hours. Get your cheers ready and shout out loud, R…C…B! #PlayBold #RRvsRCB pic.twitter.com/txOA8bv1YH
— Royal Challengers Bangalore (@RCBTweets) April 2, 2019
अजिंक्य रहाणे भी हैं निराश
विराट जैसी स्थिति में राजस्थान के कप्तान अजिंक्य रहाणे भी हैं और उनके लिए भी अगला मैच बहुत महत्वपूर्ण है। रहाणे ने कहा था, “मैं बहुत निराश हूं। हमने चेन्नई के खिलाफ अच्छी शुरुआत की थी लेकिन गेंद से आखिरी पांच ओवरों में मैच हमारे हाथ से निकल गया। हमें मैचों में होते-छोटे पल जीतने होंगे। हम अच्छी क्रिकेट खेल रहे हैं और थोड़ी किस्मत से हमारा भाग्य बदल सकता है।”
दोनों टीमों का संभावित प्लेइंग इलेवन:
राजस्थान रॉयल्स का संभावित प्लेइंग XI: अजिंक्य रहाणे (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), संजू सैमसन, एश्टन टर्नर, राहुल त्रिपाठी, बेन स्टोक्स, कृष्णप्पा गौतम, श्रेयस गोपाल, जोफरा आर्चर, वरुण एरोन, धवल कुलकर्णी।
रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर का संभावित प्लेइंग XI: पार्थिव पटेल (विकेटकीपर), मार्कस स्टोइनिस, विराट कोहली (कप्तान), एबी डिविलियर्स, मोइन अली, शिवम दुबे, वाशिंगटन सुंदर, नाथन कूल्टर नाइल, युजवेंद्र चहल, उमेश यादव, मोहम्मद सिराज।


