गुवाहाटी। टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली ने वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले वनडे में आतिशी बल्लेबाजी करते हुए अपने करियर का 36वां वनडे शतक ठोक दिया. कोहली ने 140 रन बनाए और उन्होंने 107 गेंदों की पारी में 21 चौके और दो छक्के लगाए, जिसके लिए उन्हें ‘मैन ऑफ द मैच’ का अवॉर्ड दिया गया.
वेस्टइंडीज पर 8 विकेट से जीत के बाद कोहली ने बड़ा बयान दिया है. कोहली ने यह माना कि इस खेल का आनंद लेने के लिए अब उनके पास कुछ साल ही बचे हैं.
कोहली ने कहा कि ‘इस खेल का आनंद लेने के लिए मेरे करियर में कुछ साल ही बचे हैं. देश के लिए खेलना गर्व और एक बड़ा सम्मान है. आप किसी भी खेल को हल्के ढंग से लेने का जोखिम नहीं उठा सकते हैं.’ कोहली ने कहा कि ‘आपको खेल के प्रति ईमानदार होना चाहिए और यही वह समय है जब खेल आपको वापस देता है. मैं ऐसा करने की कोशिश करता हूं. यह मेरी सोच है, क्योंकि आप भारत के लिए खेल रहे हैं और हर किसी को ऐसा करने का मौका नहीं मिलता.’


