लास वेगास फ्रीस्टाइल शतरंज: भारतीय दल की कमान संभालेंगे प्रज्ञानंद, गुकेश नहीं होंगे शामिल

0

नई दिल्ली : भारतीय ग्रैंडमास्टर आर प्रज्ञानंद लास वेगास में होने वाले प्रतिष्ठित फ्री स्टाइल शतरंज टूर्नामेंट में भारतीय दल की अगुआई करेंगे। इस टूर्नामेंट में दुनिया के शीर्ष शतरंज खिलाड़ी भाग लेंगे, जिसमें तेज़ और अनोखे खेल प्रारूप के साथ मुकाबले खेले जाएंगे। प्रज्ञानंद की अगुवाई में भारतीय टीम को मजबूत प्रदर्शन की उम्मीद है। वहीं, विश्व चैंपियन डी गुकेश इस प्रतियोगिता में शामिल नहीं होंगे क्योंकि उन्हें एक महीने के अंदर ग्रैंडमास्टर टूर के मुख्य टू्र्नामेंट में हिस्सा लेना है। प्रज्ञानंद को 16 खिलाड़ियों के इस टूर्नामेंट में मैग्नस कार्लसन के साथ एक ही ग्रुप में रखा गया है। अर्जुन एरिगेसी और विदित गुजराती दूसरे पूल में साथ होंगे।

दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी मैग्नस कार्लसन इस बार भी खिताब के प्रबल दावेदार के रूप में शुरुआत करेंगे। प्रत्येक ग्रुप में आठ खिलाड़ी हैं और शीर्ष चार खिलाड़ी अगले चरण में पहुंचेंगे जबकि इसके बाद निचले स्थान पर रहने वाले आधे खिलाड़ी एक-दूसरे के खिलाफ खेलेंगे। 19 वर्षीय प्रज्ञानंद अपने अभियान की शुरुआत उज्बेकिस्तान के नोडिरबेक अब्दुसत्तोरोव के खिलाफ करेंगे। कार्लसन अपने शुरुआती दौर में पहले चरण के विजेता जर्मनी के विन्सेंट कीमर से भिड़ेंगे।

अमेरिका के हैंस नीमन फ्रीस्टाइल शतरंज टूर्नामेंट में पहली बार भाग लेंगे और पहली बाजी में एरिगेसी के सामने होंगे। वहीं गुजराती का सामना अमेरिका के फैबियानो कारुआना से होगा। पहली बार एक महिला खिलाड़ी कजाखस्तान की बिबिसारा असाऊबुयेवा को विश्व के शीर्ष खिलाड़ियों के खिलाफ प्रतिस्पर्धा करने के लिए टीम में शामिल किया गया है। फ्रीस्टाइल शतरंज ‘फिशर रैंडम शतरंज’ या ‘शतरंज 960’ का एक नया नाम है जिसमें खेल की शुरुआत में मोहरों की स्थिति बेतरतीब ढंग से बदल जाती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here