दिग्गज रेसलर जॉन सीना आज WWE में खेलेंगे आखिरी मैच, जानें उनके मुकाबले का पूरा हाल

0

लंदन: “द लास्ट टाइम इज नाऊ…!” फैंस ने जॉन सीना का प्रसिद्ध एंट्री सॉन्ग ‘माय टाइम इज नाऊ’ कई बार सुना होगा, लेकिन अब WWE के सबसे बड़े सुपरस्टार्स में से एक जॉन सीना अपने फैंस को आखिरी बार रिंग में देखने का मौका देने जा रहे हैं। वॉशिंगटन डीसी के कैपिटल वन एरीना में होने वाले सैटरडे नाइट मेन इवेंट में सीना अपना रिटायरमेंट मैच खेलेंगे, जो उनके 25 साल लंबे ऐतिहासिक WWE करियर का अंतिम अध्याय होगा। ‘माय टाइम इज नाऊ’ जॉन सीना का एंट्री सॉन्ग है, जिसमें उन्होंने खुद ही रैप किया है।

जॉन सीना की अंतिम भिड़ंत होगी गुंथर के खिलाफ

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार जॉन सीना का आखिरी मुकाबला WWE के मौजूदा दिग्गज गुंथर के खिलाफ होगा। गुंथर कोई साधारण प्रतिद्वंद्वी नहीं हैं; उन्होंने WWE इतिहास में सबसे लंबे समय तक इंटरकॉन्टिनेंटल चैंपियन बने रहने का रिकॉर्ड बनाया है और वे पूर्व वर्ल्ड हेवीवेट चैंपियन भी रह चुके हैं। ऐसे में फैंस को एक जबरदस्त और यादगार मुकाबले की उम्मीद है, जिसमें सीना पूरी ताकत झोंकते नजर आएंगे।

जॉन सीना: अब वापसी नहीं होगी

जॉन सीना पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि यह उनका आखिरी मैच होगा और भविष्य में उनकी कोई वापसी नहीं होगी। सीना ने कहा कि उन्हें अच्छा लगता है कि फैंस सोचते हैं कि वह दोबारा लौट सकते हैं, लेकिन इस बार ऐसा नहीं होगा। उनके मुताबिक, 13 दिसंबर (भारत में 14 दिसंबर) को होने वाला यह मैच उनके करियर का अंतिम मुकाबला है, और रेसलमेनिया आने-जाने के बावजूद वह अब सक्रिय रेसलर के तौर पर नजर नहीं आएंगे।

फैंस के लिए हमेशा खास रहे जॉन सीना

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार ‘सीनेशन’ के लीडर जॉन सीना हमेशा फैंस के चहेते रहे हैं, इसी वजह से उन्हें पीपल्स चैंपियन भी कहा जाने लगा। WWE के ब्रांड एंबेसडर के रूप में उन्होंने दुनियाभर में कंपनी को पहचान दिलाई और मेक-ए-विश जैसे अभियानों के जरिए हजारों बच्चों की इच्छाएं पूरी कीं। यही कारण है कि उनका विदाई मैच भावनाओं से भरा होने वाला है और आखिरी में कई फैंस की आंखें नम हो सकती हैं।

शानदार मैच कार्ड के साथ होगा जॉन सीना का विदाई इवेंट

सैटरडे नाइट मेन इवेंट केवल जॉन सीना के मुकाबले तक सीमित नहीं है। WWE ने इस शो के लिए एक दमदार मैच कार्ड तैयार किया है, जिसमें मेन रोस्टर और NXT के सितारे भी शामिल होंगे। इससे यह स्पष्ट है कि सीना अपने आखिरी मैच के जरिए WWE के भविष्य के प्रतिभाओं को भी मंच देना चाहते हैं।

पूरा मैच कार्ड
  • जॉन सीना vs गुंथर (जॉन सीना का अंतिम मैच)
  • अनडिस्प्यूटेड डब्ल्यूडब्ल्यूई चैंपियन कोडी रोड्स vs एनएक्सटी चैंपियन ओबा फेमी
  • वर्ल्ड टैग टीम चैंपियंस एजे स्टाइल्स-ड्रैगन ली vs जेवोन इवांस-लियोन स्लेटर
  • बेली vs सोल रुका
भारत में लाइव देखने का समय और जगह

भारत में WWE के फैंस जॉन सीना का आखिरी मुकाबला रविवार, 14 दिसंबर सुबह 6:30 बजे से लाइव देख सकते हैं। इसका सीधा प्रसारण टीवी पर सोनी स्पोर्ट्स टेन-1 (SD और HD), सोनी स्पोर्ट्स टेन-3 हिंदी (SD और HD), सोनी स्पोर्ट्स टेन-4 तमिल और सोनी स्पोर्ट्स टेन-4 तेलुगू चैनलों पर किया जाएगा।

लाइव स्ट्रीमिंग के जरिए जॉन सीना का आखिरी मैच देखें

जो दर्शक मोबाइल या लैपटॉप पर मैच देखना चाहते हैं, वे SonyLIV एप के माध्यम से सैटरडे नाइट मेन इवेंट को लाइव स्ट्रीम कर सकते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here