मियामी: अर्जेंटीना के महान फुटबॉलर Lionel Messi ने अपने करियर का 900वां गोल दागकर एक और ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल कर ली है। वह आधिकारिक मैचों में 900 गोल करने वाले दुनिया के दूसरे पुरुष खिलाड़ी बन गए हैं। मेसी ने यह मुकाम CONCACAF Champions Cup के दूसरे लेग में Nashville SC के खिलाफ हासिल किया। हालांकि उनके इस गोल के बावजूद Inter Miami CF का सफर टूर्नामेंट में समाप्त हो गया। मुकाबला 1-1 से ड्रॉ रहा और ‘अवे गोल’ नियम के आधार पर नैशविले अगले दौर में पहुंच गया। पहला लेग 0-0 से ड्रॉ रहा था, जबकि दूसरे लेग में मेसी ने इंटर मियामी के लिए गोल किया। नैशविले की ओर से क्रिस्टियन एस्पिनोजा ने बराबरी का गोल दागा।
मेसी अब Cristiano Ronaldo के साथ 900 गोल क्लब में शामिल हो गए हैं। रोनाल्डो के नाम फिलहाल 965 गोल हैं। मेसी ने 1142 मैचों में यह उपलब्धि हासिल की, जबकि रोनाल्डो ने 1236 मैच खेले थे। फुटबॉल इतिहास में Pele 765 गोल के साथ तीसरे स्थान पर हैं, जबकि मौजूदा खिलाड़ियों में Robert Lewandowski 690 गोल के साथ पीछे हैं। मेसी ने अपने क्लब करियर में FC Barcelona के लिए सबसे ज्यादा 672 गोल किए हैं। इसके अलावा उन्होंने Paris Saint-Germain के लिए 32 और इंटर मियामी के लिए 81 गोल दागे हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उन्होंने अर्जेंटीना के लिए 115 गोल किए हैं। मेसी के करियर का सर्वश्रेष्ठ साल 2012 रहा, जब उन्होंने क्लब और देश के लिए कुल 91 गोल किए थे, जो अब भी एक वर्ल्ड रिकॉर्ड है। हाल ही में उन्होंने 2025 MLS सीजन में 29 गोल कर गोल्डन बूट और लगातार दूसरी बार MVP अवॉर्ड भी जीता।


