लिवरपूल: Liverpool FC ने 2022 के बाद पहली बार UEFA Champions League के क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। एनफील्ड में खेले गए प्री-क्वार्टर फाइनल के दूसरे लेग में लिवरपूल ने Galatasaray को 4-0 से हराया और कुल स्कोर 4-1 से आगे रहते हुए अगले दौर में प्रवेश किया। मैच में Dominik Szoboszlai ने पहला गोल कर टीम को बढ़त दिलाई और एग्रीगेट स्कोर बराबर किया। इसके बाद लिवरपूल ने शानदार आक्रामक खेल दिखाते हुए मुकाबले पर पूरी तरह नियंत्रण बना लिया।
इस जीत के हीरो Mohamed Salah रहे। उन्होंने शुरुआत में पेनल्टी मिस की, लेकिन बाद में शानदार वापसी करते हुए एक गोल और एक असिस्ट किया। इस गोल के साथ सलाह चैंपियंस लीग में 50 गोल करने वाले पहले अफ्रीकी खिलाड़ी बन गए। सलाह ने एनफील्ड पर भी एक खास उपलब्धि हासिल की है। यहां खेले गए 211 मैचों में उन्होंने 140 गोल और 61 असिस्ट करते हुए कुल 201 गोल में योगदान दिया है।
लिवरपूल के मैनेजर Arne Slot ने सलाह की मानसिक मजबूती की सराहना करते हुए कहा कि पेनल्टी मिस करने के बाद जिस तरह उन्होंने वापसी की, वह उनके बड़े खिलाड़ी होने का प्रमाण है। पूरे मैच में लिवरपूल का दबदबा साफ नजर आया। टीम ने कुल 32 शॉट लगाए, जिनमें से 16 टारगेट पर थे। अब क्वार्टर फाइनल में लिवरपूल का सामना डिफेंडिंग चैंपियन Paris Saint-Germain से होगा, जिससे मुकाबला और भी रोमांचक होने की उम्मीद है। इसके अलावा टीम को एफए कप क्वार्टर फाइनल में Manchester City से भी भिड़ना है।


