विशाखापत्तनम। टीम इंडिया और वेस्टइंडीज के बीच पांच मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला (2nd ODI) विशाखापत्तनम के एसीए-वीडीसीए स्टेडियम में खेला जा रहा है. टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया ने 16 ओवर में 2 विकेट गंवा कर 81 रन बना लिए हैं. अंबति रायडू (23 रन) और विराट कोहली (24 रन) क्रीज पर हैं. टीम इंडिया की शुरुआत बेहद खराब रही और चौथे ही ओवर में रोहित शर्मा पवेलियन लौट गए. रोहित को कीमर रोच ने शिमरोन हेटमेयर के हाथों कैच आउट कराकर भारत को पहला झटका दे दिया. रोहित 4 रन बनाकर आउट हुए. नौवें ओवर में शिखर धवन के रूप में भारत ने दूसरा विकेट गंवा दिया. धवन को एश्ले नर्स ने एलबीडब्ल्यू आउट कर पवेलियन लौटा दिया. धवन 29 रन बनाकर आउट हुए. इससे पहले टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और वेस्टइंडीज की टीम को गेंदबाजी दी. भारतीय टीम में एक बदलाव हुआ है, तेज गेंदबाज खलील अहमद की जगह चाइनामैन बॉलर कुलदीप यादव को शामिल किया गया है. वहीं वेस्टइंडीज की टीम में भी एक बदलाव हुआ है, तेज गेंदबाज ओशाने थोमस की जगह ओबेद मैक्कॉय को डेब्यू का मौका मिला है.


