एनएसटी न्यूज, भोपाल। भोपाल के विशाल फिटनेस प्लैनेट में खेली जा रही यूनाइटेड बैडमिंटन लीग 2026 में एलएनसीटी एसेस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में जगह बना ली है। लीग के तीसरे मुकाबले में एलएनसीटी एसेस ने लोटस चैंपियंस को रोमांचक मुकाबले में 4-3 से हराया। इससे पहले भी टीम ने कॉन्सेप्ट स्मैशर्स और लेकसिटी शटलर्स को समान अंतर से 4-3 से मात दी थी।
एलएनसीटी एसेस और लोटस चैंपियंस के बीच खेले गए मुकाबले में दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया। मुकाबला अंतिम मैच तक रोमांचक बना रहा। पहले मैच में मोहम्मद खान और जफर की जोड़ी ने अशोक सिंह और पवन मेहरा को 21-19, 21-7 से हराकर टीम को बढ़त दिलाई। दूसरे मैच में जगदीश और पुष्पेंद्र ने दीपेंद्र कटियार और अनिल को 21-15, 18-21, 21-6 से पराजित किया।
तीसरे मुकाबले में विराट थापा और आदित्य बोचारे ने श्वेता अग्रवाल और यश को 21-17, 21-10 से हराया। चौथे मैच में रविंद्र चावला और प्रांजल खरे की जोड़ी ने अमन साइन और विजेंद्र को 21-11, 21-6 से शिकस्त दी। पांचवें मैच में कृष्णा नरवरे और अजय सिसोदिया ने कमलेश गामित और सुनील को 21-17, 21-17 से हराकर टीम को मजबूती दी। छठवें मुकाबले में डॉ. शैलेंद्र बागरे और सुधीर थापा ने विनय सिंह और उमा को 21-11, 21-14 से हराकर मुकाबले को बराबरी पर ला दिया।
इसके बाद निर्णायक सातवें मुकाबले में धीरेंद्र देसाई और आशीष गुप्ता की जोड़ी ने शानदार संघर्ष करते हुए संदीप राणा और सुधीर खरे को 21-17, 15-21, 21-16 से हराकर एलएनसीटी एसेस को जीत दिलाई और टीम को सेमीफाइनल में पहुंचा दिया। शानदार प्रदर्शन के लिए धीरेंद्र देसाई और आशीष गुप्ता को संयुक्त रूप से “मैन ऑफ द मैच” चुना गया।


